

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Dangerous stunts performed on moving cars in Naya Raipur and Bilaspur; videos go viral on social media.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सोशल मीडिया पर रील बनाने की बढ़ती होड़ अब सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है। नवा रायपुर और बिलासपुर में चलती कारों पर खतरनाक स्टंट करने के दो अलग-अलग वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। वायरल वीडियो में युवक-युवतियां चलती कार के बोनट, सनरूफ और खिड़कियों से बाहर निकलकर जानलेवा करतब करते नजर आ रहे हैं।
नवा रायपुर की चौड़ी और व्यस्त सड़कों पर कुछ युवक तेज रफ्तार कार के साथ खतरनाक स्टंट करते दिखाई दिए। वायरल वीडियो में कोई कार के बोनट पर लेटकर रील बना रहा है, तो कोई चलती कार पर चढ़ने की कोशिश कर रहा है। वहीं कुछ युवक कार की सनरूफ और खिड़कियों से बाहर निकलकर वीडियो शूट करते नजर आए। कुछ सेकेंड की रील के लिए युवकों ने न केवल अपनी जान जोखिम में डाली, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा भी खतरे में डाल दी।
नवा रायपुर की सड़कों पर इससे पहले भी कार और बाइक से स्टंटबाजी तथा रील बनाने के कई मामले सामने आ चुके हैं। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने पूर्व में चालानी कार्रवाई भी की थी, लेकिन इसके बावजूद इस तरह की घटनाओं पर पूरी तरह रोक नहीं लग सकी है। फिलहाल ताजा वायरल वीडियो पर ट्रैफिक पुलिस की ओर से आधिकारिक कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।
दूसरा मामला बिलासपुर के कोनी-सेंदरी रोड स्थित नेशनल हाईवे का है। यहां चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर दो युवतियां मोबाइल से वीडियो बनाती नजर आईं। पीछे चल रही एक कार में सवार लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोगों का कहना है कि हाईवे पर इस तरह की लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी।
दोनों मामलों के वीडियो वायरल होने के बाद वाहन चालक और स्टंट करने वाले युवाओं की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से किसी प्रकार की आधिकारिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं की गई थी।
वायरल वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने स्टंट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि ट्रैफिक नियमों की खुलेआम अनदेखी करने वालों पर सख्ती नहीं होने से इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
ट्रैफिक एएसपी रामगोपाल करियारे ने कहा कि यदि सड़क पर स्टंटबाजी या रील बनाने जैसी गतिविधियों में कोई नाबालिग शामिल पाया जाता है तो उसके माता-पिता को थाने बुलाकर समझाइश दी जाती है और उनसे माफीनामा भी भरवाया जाता है। उन्होंने कहा कि यदि समझाइश के बाद भी दोबारा ऐसी हरकत सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैफिक पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए सड़क पर स्टंट या रील बनाने जैसी खतरनाक गतिविधियों से बचें। यातायात नियमों का पालन करें और जिम्मेदार नागरिक की तरह व्यवहार करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि स्टंटबाजी और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।