

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Deepika Padukone praises ICC new rule for women cricketers calls it a historic step
मुंबई। महिला क्रिकेटरों के लिए मातृत्व के बाद खेल में वापसी को आसान बनाने की दिशा में International Cricket Council (ICC) द्वारा शुरू की गई नई मैटरनिटी रिटर्न गाइडलाइंस को अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पहल बताया है। उन्होंने इस नीति से जुड़ी एक रिपोर्ट अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा करते हुए इसकी खुलकर सराहना की।
ICC की नई पॉलिसी का उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को बच्चे के जन्म के बाद प्रोफेशनल क्रिकेट में सुरक्षित और सहज तरीके से लौटने में मदद करना है। इसके तहत मेडिकल और मानसिक स्वास्थ्य सहायता, व्यक्तिगत रिकवरी प्लान, लचीला ट्रेनिंग शेड्यूल, चाइल्डकेयर सपोर्ट और मां-बच्चे के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि महिला खिलाड़ियों को अपने खेल करियर और मातृत्व के बीच किसी एक का चयन करने की मजबूरी न हो।
दीपिका पादुकोण लंबे समय से मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और महिला सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रूप से अपनी आवाज उठाती रही हैं। हाल ही में उन्हें भारत की पहली ‘मेंटल हेल्थ एंबेसडर’ के रूप में भी नियुक्त किया गया है। वे लगातार ऐसे सामाजिक मुद्दों का समर्थन करती हैं जो महिलाओं के लिए बेहतर और समावेशी माहौल तैयार करने की दिशा में योगदान देते हैं।
ICC की मैटरनिटी रिटर्न गाइडलाइंस को समर्थन देकर दीपिका ने एक बार फिर इस बात पर जोर दिया है कि महिलाओं के लिए ऐसे संस्थागत ढांचे विकसित किए जाने चाहिए, जो उन्हें व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन में बिना किसी समझौते के आगे बढ़ने का अवसर दें। विशेषज्ञों का मानना है कि यह नीति महिला क्रिकेटरों के लिए अधिक सुरक्षित, सहयोगी और संतुलित खेल वातावरण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।