

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Entertainment: 'Baahubali: The Eternal War' heads to the Annecy International Animation Film Festival 2026; Prabhas expresses happiness.
मुंबई। भारतीय सिनेमा की सबसे सफल फ्रेंचाइजी में शामिल 'बाहुबली' अब एनिमेशन की दुनिया में भी अपनी पहचान बनाने के लिए तैयार है। आगामी एनिमेटेड फिल्म 'बाहुबली: द इटरनल वॉर' को प्रतिष्ठित एनीसी इंटरनेशनल एनिमेशन फिल्म फेस्टिवल 2026 के 'वर्क इन प्रोग्रेस' सेशन में प्रदर्शित किया गया, जिससे इसे वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है।
'बाहुबली' के अभिनेता प्रभास ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए अपनी खुशी व्यक्त की। उन्होंने लिखा कि एनीसी इंटरनेशनल एनिमेशन फिल्म फेस्टिवल 2026 के 'वर्क इन प्रोग्रेस' सेशन में #BaahubaliTheEternalWar को प्रतिनिधित्व करते देख बेहद खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि पूरी टीम कुछ बेहद खास तैयार कर रही है और वह इसे दुनिया के सामने आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह इस बात से भी साफ नजर आया कि एनीसी फेस्टिवल में आयोजित 'वर्क इन प्रोग्रेस' पैनल के सभी टिकट बुकिंग शुरू होने के महज दो मिनट के भीतर ही बिक गए। यह उपलब्धि अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के बीच 'बाहुबली' ब्रांड की लोकप्रियता और फिल्म को लेकर बढ़ती उत्सुकता को दर्शाती है।
फ्रांस के एनीसी शहर में हर साल आयोजित होने वाला एनीसी इंटरनेशनल एनिमेशन फिल्म फेस्टिवल दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित एनिमेशन समारोहों में गिना जाता है। यहां ट्रेडिशनल एनिमेशन, कट-आउट, क्लेमेशन और सीजीआई जैसी विभिन्न तकनीकों से बनी फिल्मों का प्रदर्शन और प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। फेस्टिवल की खास पहचान खुले आसमान के नीचे झील और पहाड़ों के बीच होने वाली नाइट स्क्रीनिंग भी है, जहां क्लासिक और नई फिल्मों का प्रदर्शन किया जाता है।
'बाहुबली: द इटरनल वॉर' को दो भागों में बनाया जा रहा है। इसका निर्देशन पुरस्कार विजेता फिल्म निर्माता ईशान शुक्ला कर रहे हैं। फिल्म के पहले भाग का टीज़र पहले ही जारी किया जा चुका है और इसका पहला पार्ट वर्ष 2027 में रिलीज होने की तैयारी में है।
'बाहुबली: द बिगिनिंग' और 'बाहुबली: द कन्क्लूजन' ने भारतीय सिनेमा में बॉक्स ऑफिस सफलता के नए रिकॉर्ड स्थापित किए थे। अब एनिमेशन के माध्यम से इस लोकप्रिय महागाथा को नई पीढ़ी और वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। एनीसी फेस्टिवल में मिली शानदार प्रतिक्रिया ने यह संकेत दे दिया है कि 'बाहुबली: द इटरनल वॉर' अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एक बड़ी सिनेमाई प्रस्तुति साबित हो सकती है।