

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

First look of 'Mirzapur: The Movie' revealed; posters featuring Kaleen Bhaiya, Munna Bhaiya, and Guddu Bhaiya have amped up the excitement.
मुंबई। बहुप्रतीक्षित फिल्म 'मिर्जापुर: द मूवी' के टीज़र लॉन्च से पहले मेकर्स ने इसके मुख्य किरदारों के फर्स्ट-लुक पोस्टर्स जारी कर दिए हैं। पोस्टर्स में कालीन भैया, गुड्डू भैया, मुन्ना भैया और मिर्जापुर की प्रतिष्ठित गद्दी की झलक दिखाई गई है। "गद्दी है तो हम हैं" के संदेश के साथ जारी किए गए इन पोस्टर्स ने सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा छेड़ दी है।
मेकर्स ने सबसे पहले पंकज त्रिपाठी के किरदार कालीन भैया का पोस्टर साझा किया। पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया, "जो आया है, वह जाएगा भी, बस मर्जी कालीन भैया की होगी। आपका स्वागत करते हैं बड़े पर्दे पर।" इस डायलॉग ने एक बार फिर मिर्जापुर की सत्ता और दबदबे की याद ताजा कर दी है।

इसके बाद अली फ़ज़ल के किरदार गुड्डू भैया का फर्स्ट-लुक पोस्टर रिलीज किया गया। पोस्टर के साथ लिखा गया, "शुरू मजबूरी में किए थे, अब मजा आ रहा है। गुड्डू भैया आ रहे हैं बड़े पर्दे पर, तैयार हैं ना?" गुड्डू भैया के इस अंदाज ने फैन्स के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।

सबसे ज्यादा चर्चा दिव्येंदु यानी मुन्ना भैया के पोस्टर की हो रही है। पोस्टर के साथ लिखा गया, “हिंदी फिलम के हीरो हैं हम, कहा था ना, हम अमर हैं।” इस संवाद ने सोशल मीडिया पर अटकलों का दौर शुरू कर दिया है कि आखिर फिल्म में मुन्ना भैया की वापसी किस रूप में दिखाई जाएगी।
.jpeg)
पोस्टर्स सामने आते ही सोशल मीडिया पर #MirzapurTheMovie ट्रेंड करने लगा। फैन्स पुराने सीजन की यादें साझा कर रहे हैं और फिल्म की कहानी को लेकर अलग-अलग कयास लगा रहे हैं। टीज़र रिलीज से पहले ही फिल्म ने इंटरनेट पर जबरदस्त बज बना लिया है।
अमेज़न MGM स्टूडियोज़ और एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि कहानी और पटकथा पुनीत कृष्णा ने लिखी है। फिल्म का निर्माण रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने किया है।
फिल्म हिंदी और तेलुगु भाषा में रिलीज होगी और 4 सितंबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी। टीज़र कल दोपहर 12 बजे रिलीज किया जाएगा, जिसका फैन्स बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।