

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Latest News: Delhi Assembly faces bomb threat, budget presented amid investigation
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा में बजट पेश होने से पहले बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। ईमेल के जरिए दिल्ली विधानसभा, स्पीकर विजेंद्र गुप्ता और विधानसभा मेट्रो स्टेशन को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई।
ईमेल से मिली धमकी, कई बड़े नेताओं का जिक्र
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7:28 बजे विधानसभा को और 7:49 बजे स्पीकर को धमकी भरा ईमेल मिला। ईमेल में नरेंद्र मोदी, अमित शाह, एस. जयशंकर समेत कई शीर्ष नेताओं के नाम का उल्लेख किया गया। साथ ही दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा का भी नाम शामिल था।
विधानसभा में सघन जांच
धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। स्निफर डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते ने विधानसभा परिसर की गहन जांच की। स्पीकर के कक्ष समेत सभी संवेदनशील स्थानों की तलाशी ली गई।
CM को भी मिला धमकी भरा मेल
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को भी इसी तरह का धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ था। हालांकि जांच के दौरान अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
‘फर्जी निकली धमकी’
भाजपा विधायक अनिल गोयल ने इसे “धोखा” बताते हुए कहा कि स्थिति पूरी तरह सुरक्षित है और कार्यवाही सामान्य रूप से जारी है।
धमकी के बीच पेश हुआ 1.10 लाख करोड़ का बजट
सुरक्षा जांच के बीच मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विधानसभा में करीब 1.10 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया। बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 5921 करोड़, शहरी विकास के लिए 7887 करोड़ और स्वास्थ्य विभाग के लिए 12,746 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
इसके अलावा यमुना पार क्षेत्र के विकास के लिए 300 करोड़, झुग्गी विकास के लिए 800 करोड़ और ग्रामीण विकास के लिए 787 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नया ड्रेनेज मास्टर प्लान भी पेश किया गया है, जिसके तहत 610 करोड़ रुपये दिए गए हैं।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। पुलिस साइबर सेल की मदद से मामले की जांच कर रही है।