

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

mahasamund-pregnant-speech-impaired-woman-murder-accused-arrested-basna
रायपुर। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम इंद्रपुर में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 21 वर्षीय मूकबधिर युवती की उसके ही प्रेमी ने पत्थर से कुचलकर नृशंस हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 6 घंटे के भीतर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाकर आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
घटना की शुरुआत 24 मार्च की सुबह हुई, जब ग्राम इंद्रपुर निवासी रामदास अजगल्ले ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी पुत्री पुष्पा अजगल्ले का शव घर से लगभग 150 मीटर दूर एक खेत में पड़ा है। मृतका के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के गहरे निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम, FSL और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुँची और साक्ष्य जुटाए।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतका पुष्पा का गांव के ही युवक लोकनाथ पटेल के साथ प्रेम प्रसंग था। मृतका गर्भवती थी और वह लगातार लोकनाथ पर शादी करने का दबाव बना रही थी। पुलिस ने संदेह के आधार पर जब लोकनाथ को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी लोकनाथ ने बताया कि वह युवती से शादी नहीं करना चाहता था और समाज में बदनामी के डर से उसे रास्ते से हटाना चाहता था।
23 मार्च की मध्यरात्रि आरोपी युवती को बहला-फुसलाकर खेत की ओर ले गया।वहां पहले से सोची-समझी साजिश के तहत उसने पास पड़े एक भारी पत्थर से युवती के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। आरोपी के खिलाफ हत्या की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।