

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Delhi-Dehradun Economic Corridor exposed by the very first rain; NHAI takes major action after road caves in.
शामली। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर पहली ही तेज बारिश में जलभराव और सड़क धंसने की घटना के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने सख्त कार्रवाई की है। प्राधिकरण ने परियोजना के पर्यवेक्षण और रखरखाव का जिम्मा संभाल रही मेसर्स चैतन्य प्रोजेक्ट्स कंसल्टेंसी लिमिटेड (जेवी इसान) और निर्माण कार्य कर रही मेसर्स कृष्णा कॉन्स्टेलेशन प्राइवेट लिमिटेड को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।
NHAI ने मामले को गंभीर मानते हुए प्राधिकरण अभियंता फर्म के टीम लीडर, निर्माण कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर और ठेकेदार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, सहायक राजमार्ग अभियंता को स्थायी रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
मंगलवार रात हुई पहली तेज बारिश के दौरान मुजफ्फरनगर के गांव खेड़ा मस्तान के पास फ्लाईओवर के निकट दिल्ली से देहरादून जाने वाली लेन की मुख्य सड़क बीच से धंस गई। सड़क पर जलभराव के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
गौरतलब है कि करीब 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का उद्घाटन 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। उद्घाटन के कुछ ही महीनों बाद पहली बारिश में सड़क धंसने की घटना ने परियोजना की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।