

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Deliberations on social security for construction workers; two-day national conference begins in Mumbai.
रायपुर। भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकारों (BOCW) के कल्याण, सामाजिक सुरक्षा और श्रमिक हितों को मजबूत बनाने के उद्देश्य से मुंबई में दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। ‘National Conference on BOCW’ का आयोजन 11 और 12 सितंबर 2026 को हो रहा है। सम्मेलन में देशभर के निर्माण श्रमिकों के सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर भविष्य को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर मंथन किया जा रहा है।
सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, केंद्रीय राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे, मध्यप्रदेश के श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और छत्तीसगढ़ के श्रम सचिव हिम शिखर गुप्ता सहित विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रतिनिधि शामिल हुए हैं।
राष्ट्रीय सम्मेलन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह और मंडल सचिव गिरीश रामटेके कर रहे हैं। सम्मेलन के दौरान छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों में श्रमिक हित में संचालित कल्याणकारी योजनाओं और उनके क्रियान्वयन से जुड़े अनुभवों को साझा किया जा रहा है।
सम्मेलन में निर्माण श्रमिकों तक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने, योजनाओं को अधिक सुलभ बनाने और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर रणनीति पर चर्चा की जा रही है। विभिन्न राज्यों की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों और नए नवाचारों को भी साझा किया जा रहा है, ताकि इन्हें अन्य राज्यों में भी लागू किया जा सके।
राष्ट्रीय सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य निर्माण क्षेत्र से जुड़े श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना है। सम्मेलन में श्रमिक कल्याण से जुड़े मौजूदा प्रयासों की समीक्षा के साथ भविष्य की रणनीतियों पर भी विचार-विमर्श किया जा रहा है। माना जा रहा है कि यह आयोजन देशभर के निर्माण श्रमिकों को कल्याणकारी योजनाओं का बेहतर लाभ दिलाने और उनकी सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।