

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Deputy CM Arun Sao appeals to striking Patwaris, urges them to return to work and prioritize the public interest.
रायपुर। प्रदेशभर में पीवी ऐप के विरोध में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है। इस बीच उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने पटवारियों से काम पर लौटने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में आंदोलन के माध्यम से अपनी बात रखना जरूरी है, लेकिन कर्मचारी जनता की सेवा के लिए नियुक्त हैं। इसलिए उन्हें जनहित को ध्यान में रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। सरकार पटवारियों की मांगों पर विचार करेगी।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी। उन्होंने पटवारियों से अपील की कि वे आंदोलन समाप्त कर काम पर लौटें और आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों की पहली जिम्मेदारी जनता की सेवा करना है।
चक्रवाती तूफान अर्नब के कारण प्रदेश में फसलों को हुए नुकसान को लेकर सरकार ने सर्वे कराने का निर्णय लिया है। उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि जिन किसानों ने निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के तहत फसल नुकसान की जानकारी दी है, उनके खेतों का सर्वे कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर नुकसान का आकलन किया जा रहा है। सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है, ताकि प्रभावित किसानों को राहत दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाले कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है और उसे आम जनता की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है।
साव ने आरोप लगाया कि देश में अराजकता और अस्थिरता पैदा करना कांग्रेस का एजेंडा बन गया है। जिन मुद्दों को लेकर कांग्रेस आंदोलन कर रही है, उनका आम जनता से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दलों के प्रति जनता में आक्रोश है, जिसका परिणाम आने वाले समय में दिखाई देगा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में राज्योत्सव का आयोजन हो रहा है, लेकिन कांग्रेस प्रदेश में मौजूद रहने के बजाय दिल्ली में प्रदर्शन करने जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनहित, राज्य के विकास और देश के विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर गंभीर नहीं है।
साव ने कहा कि कांग्रेस अनावश्यक मुद्दों पर आंदोलन कर रही है। जनता सब देख और समझ रही है।
राज्योत्सव 2026 में छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर नहीं होने को लेकर कांग्रेस ने सरकार को घेरा है। इस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने पलटवार करते हुए कहा कि राज्योत्सव छोड़कर आंदोलन करने जा रहे कांग्रेस के नेता किस मुंह से छत्तीसगढ़ महतारी के सम्मान की बात कर रहे हैं?
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ महतारी और छत्तीसगढ़ियावाद के नाम पर प्रदेश को अपमानित करने और लूटने का काम किया है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर नक्सलवाद को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया।
अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी के मान-सम्मान और गौरव के मुद्दे पर कांग्रेस का रवैया प्रदेश की जनता जानती है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी के प्रति सरकार के मन में सम्मान और श्रद्धा का भाव है। इसके लिए कांग्रेस से किसी प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है।