

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Dispute over copying in tehsil office, lawyers create ruckus; video goes viral
रायपुर। तहसील कार्यालय में नकल (प्रमाणित प्रति) देने के एवज में पैसे मांगने के आरोप को लेकर वकीलों ने जमकर हंगामा किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद तहसील के कामकाज को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
नकल के बदले 3 हजार रुपये मांगने का आरोप
जानकारी के अनुसार एक अधिवक्ता अतिरिक्त तहसीलदार ख्याति नेताम के कार्यालय पहुंचे थे। वहां मौजूद कर्मचारी अनमोल शर्मा से उन्होंने एक प्रकरण में आदेश पारित होने का हवाला देते हुए उसकी प्रमाणित प्रति मांगी। अधिवक्ता का आरोप है कि कर्मचारी ने नकल और आदेश की कॉपी देने के लिए 3 हजार रुपये की मांग की। हालांकि कर्मचारी ने किसी भी तरह की रकम मांगने से इनकार किया है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखा विवाद शुरू हो गया।
वकीलों और कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक
विवाद बढ़ने पर अन्य वकील भी तहसीलदार कक्ष में पहुंच गए। आरोप है कि इस दौरान कुछ वकीलों ने कर्मचारियों से तीखी बहस की, गला पकड़ने और उंगली दिखाकर धमकाने जैसी हरकतें भी हुईं। वहीं कर्मचारी पक्ष का आरोप है कि एक वकील ने उनसे जाति पूछते हुए गाली-गलौज की और धक्का-मुक्की की। हंगामे के दौरान तहसीलदार के लिए भी अपशब्द कहे जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि काफी देर तक चले विवाद के बाद वकीलों का समूह वहां से लौट गया।
मंत्री पर भी लगाए आरोप
वायरल वीडियो में कुछ वकीलों द्वारा अवैध वसूली के आरोप लगाए जाते हुए कथित रूप से राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा का नाम भी लिया गया है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जांच और तनाव की स्थिति
वीडियो सामने आने के बाद तहसील प्रशासन और वकील संघ के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। फिलहाल मामले की जांच की बात कही जा रही है। प्रशासन की ओर से अभी तक कोई औपचारिक बयान जारी नहीं हुआ है।