

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Raigarh: Dissatisfaction within the BJP rises in Pusaur Nagar Panchayat; 8 councilors submit resignation letters.
रायगढ़। पुसौर नगर पंचायत में भाजपा के भीतर चल रही नाराजगी अब खुलकर सामने आ गई है। भाजपा के आठ निर्वाचित पार्षदों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का आवेदन जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान को सौंपा है। सामूहिक रूप से इस्तीफे की पेशकश किए जाने से स्थानीय भाजपा संगठन में हलचल बढ़ गई है।
आठों पार्षदों ने अपने आवेदन में नगर पंचायत की कार्यप्रणाली और शासकीय कर्मचारियों के रवैये को लेकर नाराजगी जताई है। पार्षदों का कहना है कि उनके वार्डों में पानी, बिजली, सड़क और नाली जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो रहे हैं।
पार्षदों ने आरोप लगाया है कि पार्षद निधि से प्रस्तावित विकास कार्यों के क्रियान्वयन में भी समस्याएं आ रही हैं। इसके अलावा अन्य शासकीय विभागों से जुड़े कार्यों में भी अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने की बात आवेदन में कही गई है।
पार्षदों ने नगर पंचायत अध्यक्ष और शासकीय कर्मचारियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि लंबे समय से बनी इस स्थिति के कारण वे परेशान हैं। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है।
सभी आठ पार्षदों के हस्ताक्षर वाले आवेदन में जिला भाजपा अध्यक्ष से उनके इस्तीफे को स्वीकार करने का अनुरोध किया गया है। एक साथ आठ निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की ओर से इस्तीफे की पेशकश ने स्थानीय संगठन के सामने स्थिति को गंभीर बना दिया है।
पुसौर नगर पंचायत रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है। यह क्षेत्र प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी के विधानसभा क्षेत्र में आता है। ऐसे में भाजपा के आठ पार्षदों के सामूहिक इस्तीफे की पेशकश को स्थानीय स्तर पर महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।