

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Double weather attack in Chhattisgarh, heat wave alert at some places and rain alert at others
रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम का दोहरा असर देखने को मिल रहा है। एक ओर भीषण गर्मी और ग्रीष्म लहर से जनजीवन प्रभावित है, वहीं दूसरी ओर कई इलाकों में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने सरगुजा संभाग के अंबिकापुर और जशपुर जिलों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
बस्तर में बारिश, कई जगह बदलेंगे मौसम के तेवर
दक्षिण बस्तर के दंतेवाड़ा में रविवार शाम अच्छी बारिश दर्ज की गई। वहीं बस्तर संभाग के अन्य क्षेत्रों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। रायपुर समेत कई शहरों में धूप के साथ बादल और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है।
गर्मी का कहर जारी, 42 से 44 डिग्री तक पहुंचा पारा
प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। राजधानी रायपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान भी 29 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने सोमवार को भी तापमान 44 डिग्री के आसपास रहने और अगले दो दिनों तक ग्रीष्म लहर जारी रहने की संभावना जताई है।
राजनांदगांव सबसे गर्म, कई जिलों में लू के हालात
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 44.5 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा दुर्ग में 43.6, बिलासपुर में 43.4, पेंड्रारोड में 41.2, अंबिकापुर में 41 और जगदलपुर में 38.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। लगातार बढ़ती गर्मी से लोगों को दिन में बाहर निकलने में परेशानी हो रही है।
मौसम प्रणाली का असर
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश से झारखंड होते हुए तटीय ओडिशा तक एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका (ट्रफ) बनी हुई है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जिससे आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है।
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को तेज धूप और लू से बचने की सलाह दी है। खासकर दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की अपील की गई है।