

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Big news: Election battle intensifies in five states, PM Modi launches scathing attack on TMC at Haldia rally
नई दिल्ली। देश के पांच राज्यों में चुनावी सरगर्मी चरम पर है। सभी राजनीतिक दल सत्ता हासिल करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं और ताबड़तोड़ रैलियां जारी हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हल्दिया में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य के युवाओं को “डबल धोखा” दिया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ राज्य में प्राइवेट सेक्टर खत्म कर दिया गया, वहीं दूसरी ओर भ्रष्टाचार के जरिए युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचाया गया है।
धर्म आधारित आरक्षण और तुष्टिकरण पर भी उठाए सवाल
पीएम मोदी ने टीएमसी पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार वोट बैंक को खुश करने के लिए धर्म के आधार पर आरक्षण देने की कोशिश कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि यह नीति इतनी आगे बढ़ चुकी है कि “कोर्ट तक को नहीं माना जा रहा है।”
आरजी कर केस की पीड़िता की मां चुनावी मैदान में
इसी बीच आरजी कर अस्पताल रेप केस की पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ ने भावुक बयान देते हुए कहा कि जब तक उनकी बेटी को न्याय नहीं मिल जाता, वे अपने बालों में कंघी नहीं करेंगी। रत्ना इस बार भाजपा के टिकट पर पानीहाटी सीट से चुनाव लड़ रही हैं।
हल्दिया भाजपा का मजबूत गढ़, शुभेंदु अधिकारी का क्षेत्र
हल्दिया को भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता है। यह नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी का गृह क्षेत्र है। 2021 के विधानसभा चुनावों में भाजपा ने पूर्वी मेदिनीपुर जिले की 16 में से 8 सीटों पर जीत दर्ज की थी। वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में भी जिले की दोनों सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की थी।
आसनसोल और बीरभूम में भी रैलियों की तैयारी
हल्दिया के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आसनसोल और बीरभूम जिला में भी जनसभाएं करेंगे। बीरभूम को टीएमसी का गढ़ माना जाता है, हालांकि यहां कुछ क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का मजबूत नेटवर्क मौजूद है। भाजपा यहां एंटी-इनकम्बेंसी का फायदा उठाने की कोशिश में है।
असम में कांग्रेस उम्मीदवार ने छोड़ी पार्टी
उधर असम में मतदान से एक दिन पहले राजनीतिक घटनाक्रम तेज हो गया। उदलगुरी सीट से कांग्रेस उम्मीदवार सुरेन दैमारी ने पार्टी छोड़ दी। हालांकि कांग्रेस ने कहा कि उन्हें अभी तक औपचारिक इस्तीफा नहीं मिला है। चुनाव आयोग के अनुसार, नामांकन वापसी की समय सीमा खत्म हो चुकी है, इसलिए दैमारी का नाम ईवीएम में बना रहेगा।
बंगाल के लिए पीएम मोदी की 6 गारंटी
रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के लिए 6 गारंटी भी घोषित कीं,
- कानून व्यवस्था सुधार और न्याय की गारंटी
- जवाबदेह प्रशासन
- भ्रष्टाचार और अपराध की जांच
- दोषियों को जेल भेजने का वादा
- शरणार्थियों को सम्मान, घुसपैठियों पर कार्रवाई
- सरकारी कर्मचारियों के लिए 7वें वेतन आयोग का लाभ
उन्होंने अंत में कहा कि “जिन लोगों ने अब तक पश्चिम बंगाल को लूटा है, उनका पूरा हिसाब लिया जाएगा।”