

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Bengal Election: Election violence in Bengal and Malda incident exposed...mastermind of hostage taking of seven judges arrested
मालदा/कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक क्षेत्र में सात न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाने वाले कथित मास्टरमाइंड मोफाक्करुल इस्लाम को पुलिस ने सिलीगुड़ी के बागडोगरा एयरपोर्ट से शुक्रवार को गिरफ्तार किया। आरोपी फ्लाइट से भागने की कोशिश कर रहा था। उसके साथ एक सहयोगी को भी पकड़ लिया गया। इस्लाम पर लोगों को भड़काने और हिंसा फैलाने के आरोप हैं।
मालूम हो कि यह घटना मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के विरोध में शुरू हुई। उग्र प्रदर्शनकारियों ने बीडीओ कार्यालय घेर लिया और इस दौरान पुलिस टीम पर हमला भी हुआ। करीब नौ घंटे के बाद केंद्रीय बलों की मदद से सभी बंधक जजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। अब तक इस मामले में 19 मामले दर्ज हो चुके हैं और 35 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं, जिनमें एक आईएसएफ उम्मीदवार भी शामिल है।
एनआईए ने मामले की जांच शुरू की
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर एनआईए ने इस प्रकरण की जांच की जिम्मेदारी संभाली। 24 सदस्यीय टीम शुक्रवार को मालदा पहुंची और मोथाबाड़ी, सुजापुर, कालियाचक सहित आसपास के इलाकों में जाकर जांच शुरू कर दी। टीम ने बीडीओ कार्यालय, थाना और अस्पताल मोड़ का निरीक्षण किया।
चुनावी रण में सियासी बयानबाजी
पश्चिम बंगाल और असम में विधानसभा चुनाव के दौरान शुक्रवार को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हुए। मालदा और दक्षिण दिनाजपुर में रैलियों के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आक्रामक तेवर अपनाते हुए कहा कि वह सत्ता में लौटकर उन सबका रिकॉर्ड रखेंगी, जो पर्दे के पीछे साजिश कर रहे हैं। ममता ने मालदा हिंसा के लिए एआईएमआईएम, भाजपा और आईएसएफ को जिम्मेदार ठहराया।
वहीं, असम के दुधनोई और पलाशबाड़ी में प्रचार कर रहे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष पर झूठ-भ्रम फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि अब जनता इनके झांसे में नहीं आएगी।
राजनीतिक पृष्ठभूमि
मोफाक्करुल इस्लाम पेशे से वकील हैं और 2021 के चुनाव में एआईएमआईएम के टिकट पर इटहार सीट से उम्मीदवार रहे थे। वर्तमान में वह पार्टी के उत्तर क्षेत्र के प्रभारी बताए जा रहे हैं। इस घटना ने बंगाल के विधानसभा चुनाव को और संवेदनशील बना दिया है।
मतदाता सूची और चुनावी तैयारियां
पश्चिम बंगाल में आठवीं सप्लीमेंट्री मतदाता सूची जारी की गई है। अब तक 52 लाख मामलों का निपटारा किया जा चुका है, जबकि अगले चार दिनों में 8 लाख आवेदनों की जांच पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। इस बीच पूर्वी बर्द्धमान के बीडीओ को निलंबित किया गया है।