

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: Electrified farm fence proves fatal; three, including a father and son, lose their lives in Kawardha.
कवर्धा। कवर्धा जिले में शुक्रवार को करंट लगने की दो अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पहली घटना सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के बीरनपुर कला गांव में हुई, जहां खेत में दौड़ाए गए बिजली के करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना कुकदूर थाना क्षेत्र के नागाटोला (माठपुर) गांव में हुई, जहां बिजली के खंभे की अर्थिंग तार छूने से एक 8 वर्षीय मासूम की जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, बीरनपुर कला निवासी गौकरण पटेल (55) अपने बेटे परमेश पटेल (22) के साथ किराए (रेगहा) पर लिए खेत में धान की नर्सरी तैयार कर रहे थे। खेत को मवेशियों से सुरक्षित रखने के लिए चारों ओर लगाए गए तारों में थ्री-फेज बिजली प्रवाहित की गई थी।
खेत की सफाई के दौरान गौकरण पटेल गलती से करंट की चपेट में आ गए। उन्हें बचाने के लिए दौड़े बेटे परमेश भी करंट की चपेट में आ गए। तेज करंट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
बिजली कंपनी के कार्यपालन अभियंता (ईई) के अनुसार, खेत में बिजली का करंट किसान ने स्वयं प्रवाहित किया था। अधिकारियों ने बताया कि फसलों को मवेशियों से बचाने के लिए सामान्यतः सोलर या बैटरी चालित पल्स फेंसिंग मशीन का उपयोग किया जाता है, जिससे केवल हल्का झटका लगता है और जान का खतरा नहीं होता।
अधिकारियों का कहना है कि खेतों में सीधे थ्री-फेज बिजली प्रवाहित करना बेहद खतरनाक और गैरकानूनी है। प्रारंभिक जांच में इसी लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
दूसरी घटना कुकदूर थाना क्षेत्र के नागाटोला (माठपुर) गांव में हुई। यहां श्रवण बैगा (8) घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान उसका हाथ सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे की अर्थिंग तार से छू गया। तार में करंट होने के कारण मासूम गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर संबंधित विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
दोनों घटनाओं की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। बिजली विभाग भी अपने स्तर पर घटनाओं की जांच कर रहा है। प्रशासन ने लोगों से खेतों में अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित नहीं करने और बिजली संबंधी किसी भी खराबी की तत्काल सूचना विभाग को देने की अपील की है।