

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major crackdown by the municipal corporation in Bilaspur: Offices of 19 bus operators at Tifra Hi-tech Bus Stand sealed.
बिलासपुर। नगर निगम ने बकाया किराया वसूली अभियान के तहत शुक्रवार को तिफरा हाईटेक बस स्टैंड परिसर में बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 बस संचालकों के कार्यालय सील कर दिए। इन कार्यालयों पर वर्ष 2022 से कुल 1.67 करोड़ रुपए का किराया बकाया है। कई बार नोटिस जारी कर भुगतान का अवसर देने के बावजूद राशि जमा नहीं होने पर निगम ने सख्त कदम उठाया।
नगर निगम के जोन-2 की टीम ने राजस्व और अतिक्रमण अमले के साथ सुबह बस स्टैंड पहुंचकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत एक-एक कर सभी 19 कार्यालयों को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान बस ऑपरेटरों में हड़कंप मच गया। कुछ संचालकों ने तत्काल राहत की मांग की, लेकिन अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया कि पूरी बकाया राशि जमा होने के बाद ही सील हटाई जाएगी।
नगर निगम के रिकॉर्ड के अनुसार, सील किए गए सभी कार्यालयों पर अलग-अलग राशि बकाया है। किसी बस संचालक पर 7 लाख रुपए, तो किसी पर 23 लाख रुपए तक का किराया लंबित है। अधिकांश संचालकों ने वर्ष 2022 के बाद नियमित रूप से किराया जमा नहीं किया, जिससे ब्याज सहित बकाया राशि लगातार बढ़ती गई।
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक लंबे समय से किराया जमा नहीं होने के कारण निगम को राजस्व का नुकसान हो रहा था। इसी को देखते हुए बकाया वसूली अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। निगम ने संकेत दिए हैं कि यदि अन्य बकायेदार भी समय पर भुगतान नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।