

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: After Nakti, action now at Tuta; 36 families issued eviction notices, asked to respond by July 6.
रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे नवा रायपुर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर एक और बड़ा मामला सामने आया है। ग्राम नकटी में 85 मकानों पर बुलडोजर चलने के बाद अब अभनपुर तहसील के ग्राम तूता के 36 परिवारों को उनके मकान हटाने का नोटिस जारी किया गया है। नोटिस मिलने के बाद ग्रामीणों में दहशत और नाराजगी का माहौल है। प्रभावित परिवारों का दावा है कि इनमें से करीब 20 मकान प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत बनाए गए हैं।
नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण ने 30 जून 2026 को जारी नोटिस में ग्राम तूता निवासी गयाराम सहित 36 परिवारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा गया है कि प्राधिकरण की स्वामित्व वाली भूमि पर बिना अनुमति पक्का निर्माण कर अवैध कब्जा किया गया है। सभी प्रभावितों को 6 जुलाई 2026 तक अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्राधिकरण के अनुसार, ग्राम तूता के खसरा नंबर 645, कुल रकबा 25.967 हेक्टेयर की भूमि पर लगभग 28×25 फीट (करीब 700 वर्गफीट) क्षेत्र में पक्का मकान बनाया गया है। इसे छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता, 1959 के तहत अतिक्रमण की श्रेणी में माना गया है। इसी आधार पर संबंधित परिवारों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है।
नोटिस में संबंधित लोगों को 6 जुलाई को सुबह 11 बजे नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया गया है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि यदि तय समय पर जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया तो उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर एकपक्षीय कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया जा सकता है।
नोटिस मिलने के बाद ग्रामीणों ने दावा किया है कि जिन 36 परिवारों को नोटिस दिया गया है, उनमें से करीब 20 परिवारों के मकान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए हैं। ऐसे में कार्रवाई की आशंका से लोगों में भय और असंतोष बढ़ गया है।
इससे पहले ग्राम नकटी में कथित सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के आरोप में 85 मकानों को तोड़ा गया था। इस कार्रवाई के बाद प्रभावित परिवारों ने रायपुर में कलेक्टर कार्यालय और आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी के निवास का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया था। अब तूता में 36 परिवारों को नोटिस जारी होने के बाद एक बार फिर इस मुद्दे पर राजनीतिक माहौल गरमाने की संभावना बढ़ गई है।