

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Uproar at school enrollment event... ABVP activists arrive at school demanding an auditorium... Teachers assaulted, FIR registered.
रायपुर। राजधानी के रायपुरा स्थित गिरजाशंकर स्कूल में आयोजित शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता ऑडिटोरियम उपलब्ध कराने की मांग लेकर स्कूल पहुंच गए। विवाद इतना बढ़ा कि शिक्षकों और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट की नौबत आ गई। घटना में एक महिला और एक पुरुष शिक्षक घायल हो गए।
घटना के समय स्कूल परिसर में छात्र-छात्राएं, अभिभावक और स्थानीय विधायक राजेश मूणत मौजूद थे। बताया जा रहा है कि एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने स्कूल के मुख्य द्वार से अंदर प्रवेश कर प्राचार्य के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इससे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।
स्कूल प्रशासन और शिक्षकों ने कार्यकर्ताओं को परिसर के भीतर जाने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। आरोप है कि इसी दौरान शिक्षकों के साथ मारपीट भी हुई, जिसमें एक महिला और एक पुरुष शिक्षक घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को भी एबीवीपी कार्यकर्ता स्कूल का ऑडिटोरियम उपलब्ध कराने की मांग लेकर पहुंचे थे। उस समय स्कूल प्रबंधन ने बताया था कि ऑडिटोरियम का औपचारिक हैंडओवर अभी नहीं हुआ है, इसलिए उसका उपयोग नहीं कराया जा सकता। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस हुई थी, हालांकि मामला उस दिन शांत हो गया था।
शुक्रवार को जब कार्यक्रम के दौरान नारेबाजी शुरू हुई तो विधायक राजेश मूणत मंच से उतरकर कार्यकर्ताओं को शांत कराने पहुंचे। उन्होंने बातचीत के जरिए मामला सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। पुलिसकर्मियों ने भी उन्हें रोकने की कोशिश की, बावजूद इसके कुछ कार्यकर्ता परिसर के भीतर पहुंच गए, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। डीडी नगर थाना प्रभारी गौतमचंद्र गावड़े ने बताया कि घायल शिक्षकों की शिकायत के आधार पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।