

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Entertainment: Aamir Khan will marry his third marriage on July 5, with girlfriend Gauri Spratt
मुंबई। बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने आखिरकार अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ शादी की खबरों पर मुहर लगा दी है। लंबे समय से दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन अब अभिनेता ने खुद आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी है कि वे 5 जुलाई को शादी करने जा रहे हैं। यह आमिर खान की तीसरी शादी होगी।
एक इंटरव्यू में आमिर खान ने बताया कि उनका और गौरी का रिश्ता अब एक नए मुकाम पर पहुंच चुका है और वे इसे औपचारिक रूप देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। आमिर ने कहा कि गौरी के साथ उन्हें बेहद शांत, मजबूत और सुकूनभरा रिश्ता महसूस होता है।
जानकारी के मुताबिक यह शादी बेहद निजी और सादगीपूर्ण तरीके से आमिर खान के घर पर आयोजित की जाएगी। फिलहाल किसी बड़े समारोह या ग्रैंड रिसेप्शन की योजना नहीं बनाई गई है। हालांकि, बॉलीवुड के करीबी दोस्तों और परिवार के सदस्यों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। चर्चा है कि शाहरुख खान और सलमान खान भी इस खास मौके पर मौजूद रह सकते हैं।
गौरी स्प्रैट बेंगलुरु की रहने वाली हैं और ब्यूटी इंडस्ट्री से जुड़ी हुई हैं। वह भारत के स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े ब्रिटिश मूल के कम्युनिस्ट फिलिप स्प्रैट की पोती हैं। आमिर खान ने पहली बार मार्च 2025 में अपने 60वें जन्मदिन के मौके पर गौरी को मीडिया से परिचित कराया था। गौरी की पहले शादी हो चुकी है और उनका एक 7 साल का बेटा क्विन भी है।
आमिर खान की पहली शादी रीना दत्ता से हुई थी, जिनसे उनके दो बच्चे जुनैद खान और इरा खान हैं। इसके बाद उन्होंने फिल्म निर्माता किरण राव से शादी की थी, जिनसे उनका एक बेटा आजाद खान है। अब गौरी स्प्रैट के साथ आमिर अपनी जिंदगी की नई शुरुआत करने जा रहे हैं। आमिर के इस फैसले के बाद उनके फैंस और बॉलीवुड इंडस्ट्री में खुशी का माहौल है। सोशल मीडिया पर भी अभिनेता को लगातार शुभकामनाएं मिल रही हैं।