

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Entertainment: Ashwiny Iyer Tiwari's 'System' dominates Prime Video, becoming the week's No. 1 non-English film
मुंबई। प्राइम वीडियो की ओरिजिनल हिंदी फिल्म ‘सिस्टम’ ने रिलीज के साथ ही दुनियाभर में जबरदस्त सफलता हासिल की है। 22 मई को रिलीज हुई यह कोर्टरूम थ्रिलर इस हफ्ते प्राइम वीडियो पर सबसे ज्यादा देखी जाने वाली नॉन-इंग्लिश ओरिजिनल फिल्म बन गई है। फिल्म ने भारत समेत 26 देशों में ‘टॉप 10’ ट्रेंडिंग टाइटल्स में अपनी जगह बनाई है।
न्याय, सत्ता और सच की टकराहट की कहानी
विशेषाधिकार और रसूख पर आधारित दुनिया की पृष्ठभूमि में बनी ‘सिस्टम’ एक दमदार कोर्टरूम ड्रामा है, जो यह दिखाती है कि न्याय केवल अदालत के फैसलों में नहीं, बल्कि सच का सामना करने के साहस में भी छिपा होता है। फिल्म की कहानी, इमोशनल स्क्रीनप्ले और मजबूत किरदारों ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया है।
दमदार स्टारकास्ट ने जीता दर्शकों का दिल
फिल्म में सोनाक्षी सिन्हा, ज्योतिका और आशुतोष गोवारिकर मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। इनके साथ प्रीति अग्रवाल, आदिनाथ कोठारे, आश्रिया मिश्रा, गौरव पांडे और सयानदीप गुप्ता ने भी अहम भूमिकाएं निभाई हैं। कलाकारों की प्रभावशाली एक्टिंग की सोशल मीडिया से लेकर फिल्म इंडस्ट्री तक हर तरफ तारीफ हो रही है।
अश्विनी अय्यर तिवारी बोलीं- “कहानी कहना हमेशा हिम्मत मांगता है”
फिल्म की सफलता पर निर्देशक अश्विनी अय्यर तिवारी ने कहा, “एक फिल्ममेकर के तौर पर, मैंने हमेशा ऐसी कहानियां चुनी हैं जो मुझे रचनात्मक रूप से चुनौती देती हैं। ‘सिस्टम’ मेरे लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक साहसिक अनुभव रही है। सोनाक्षी सिन्हा, ज्योतिका और आशुतोष गोवारिकर जैसे शानदार कलाकारों के साथ काम करना बेहद खास रहा। दुनिया भर के दर्शकों से मिल रहा प्यार मेरे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है।”
प्राइम वीडियो ने जताई खुशी
प्राइम वीडियो इंडिया के ओरिजिनल्स डायरेक्टर और हेड निखिल मधोक ने कहा कि ‘सिस्टम’ की सफलता यह साबित करती है कि दर्शक अब मजबूत और बहुआयामी महिला किरदारों वाली कहानियों को पसंद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अश्विनी अय्यर तिवारी की संवेदनशील कहानी कहने की शैली ने फिल्म को वैश्विक स्तर पर भी खास पहचान दिलाई है।
निर्माता हरमन बवेजा ने कहा- “यह पल बेहद खास”
फिल्म के निर्माता और लेखक हरमन बवेजा ने कहा,“जिस कहानी पर आपने भरोसा किया हो, उसका दुनिया भर के दर्शकों के दिलों तक पहुंचना किसी सपने के सच होने जैसा है। हमारी पूरी टीम ने इस फिल्म में अपना सर्वश्रेष्ठ दिया और दर्शकों का प्यार हमारे लिए सबसे बड़ी ताकत है।”
बवेजा स्टूडियोज के बैनर तले बनी है फिल्म
‘सिस्टम’ का निर्माण बवेजा स्टूडियोज के बैनर तले पम्मी बवेजा, हरमन बवेजा और स्मिता बालिगा ने किया है। फिल्म की पटकथा हरमन बवेजा, अरुण सुकुमार, अश्विनी अय्यर तिवारी, तस्नीम लोखंडवाला और अक्षत घिल्डियाल ने मिलकर लिखी है। 240 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में स्ट्रीम हो रही ‘सिस्टम’ को दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है।