

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Entertainment: 'Being a Bihari is no joke', Kranti Prakash Jha's emotional statement goes viral
मुंबई। अभिनेता क्रांति प्रकाश झा का एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उन्होंने बिहारियों के खिलाफ बढ़ती नफरत, भेदभाव और हिंसा पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि “बिहारी होना कोई मज़ाक नहीं, बल्कि संघर्ष और मेहनत की पहचान है।”
“एक गोली ने पूरे समाज के आत्मसम्मान को चोट पहुंचाई”
क्रांति प्रकाश झा ने अपने संदेश में हाल ही में हुई एक दर्दनाक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक 21 वर्षीय युवक को सिर्फ इसलिए गोली मार दी गई क्योंकि वह बिहार से था।
उन्होंने कहा,“यह एक गोली सिर्फ एक व्यक्ति को नहीं लगी, इसने हर उस इंसान के आत्मसम्मान को चोट पहुँचाई है जो इस देश में मेहनत करके कुछ करना चाहता है।” उनका यह बयान सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर रहा है और कई लोग इसे समाज के लिए जरूरी संदेश बता रहे हैं।
“बिहारी” शब्द को मज़ाक बनाने पर जताई नाराजगी
अभिनेता ने कहा कि वर्षों से “बिहारी” शब्द का इस्तेमाल मज़ाक और गाली की तरह किया जाता रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसी राज्य या समुदाय को उसकी पहचान के आधार पर इतना गलत कैसे ठहराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग देशभर में मेहनत करते हैं, खेतों से लेकर शहरों तक अपनी मेहनत से देश की प्रगति में योगदान देते हैं।
“बिहारी होना संघर्ष और साहस की पहचान”
क्रांति प्रकाश झा ने अपने संदेश में बिहारियों की मेहनत और जज़्बे की तारीफ करते हुए कहा कि बिहारी हर परिस्थिति में खुद को मजबूत बनाना जानते हैं। उन्होंने कहा, “बिहारी होना साहस है, क्योंकि हर बिहारी में यह क्षमता होती है कि वह हर मुश्किल को अपने पक्ष में बदल सके।”
समाज से की एकजुटता की अपील
वीडियो के अंत में अभिनेता ने लोगों से नफरत छोड़कर इंसानियत अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश में रहने वाले सभी लोग एक-दूसरे के साथी हैं और किसी को भी क्षेत्र, भाषा या पहचान के आधार पर बांटना गलत है।
उन्होंने कहा, “हम अपने घर से दूर हैं, लेकिन हमें अपने ही देश में मत बाँटिए। जियो और जीने दो।”
सोशल मीडिया पर मिल रहा समर्थन
क्रांति प्रकाश झा के इस बयान को सोशल मीडिया पर व्यापक समर्थन मिल रहा है। कई यूजर्स ने इसे समाज में बढ़ती क्षेत्रीय नफरत के खिलाफ एक मजबूत आवाज बताया है। वहीं कई लोगों ने कहा कि देश में हर नागरिक को सम्मान और सुरक्षा मिलनी चाहिए, चाहे वह किसी भी राज्य से हो।