

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Entertainment: The wait is over; the explosive teaser for ‘Mirzapur: The Movie’ has been released, and it is set to hit theaters on September 4, 2026.
मुंबई। लोकप्रिय क्राइम-ड्रामा फ्रेंचाइजी मिर्जापुर अब पहली बार बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए तैयार है। लंबे इंतजार के बाद ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का टीज़र रिलीज कर दिया गया है, जिसने दर्शकों के बीच उत्साह की लहर पैदा कर दी है। फिल्म 4 सितंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
साल 2018 में शुरू हुई मिर्जापुर की कहानी को आगे बढ़ाते हुए फिल्म एक नई और अनसुनी कथा लेकर आ रही है। टीज़र में एक बार फिर पंकज त्रिपाठी, अली फज़ल और दिव्येंदु की दमदार मौजूदगी देखने को मिलती है।
फिल्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि अभिनेता जितेंद्र कुमार ‘बबलू पंडित’ के किरदार में नजर आएंगे, जिससे प्रशंसकों के बीच उत्सुकता और बढ़ गई है। वहीं, रवि किशन की एंट्री कहानी में नया रोमांच जोड़ने वाली है।
टीज़र में दिखाया गया है कि इस बार कहानी का दायरा और भी बड़ा होगा। पूर्वांचल की गलियों से निकलकर राजस्थान के रेगिस्तानों तक फैली यह कहानी पहले से कहीं अधिक भव्य और बड़े स्तर पर दर्शकों के सामने पेश की जाएगी।
फिल्म में अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौड़, श्वेता त्रिपाठी और सोनल एस चौहान भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ को अमेज़न एमजीएम स्टूडियो और एक्सेल एंटरटेनमेंट प्रस्तुत कर रहे हैं। फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंहने किया है, जबकि इसकी कहानी और पटकथा पुनीत कृष्णा ने लिखी है। फिल्म को रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है।
निर्माताओं के अनुसार, फिल्म को अधिक से अधिक दर्शकों तक पहुंचाने के लिए हिंदी और तेलुगु भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। ओटीटी पर सुपरहिट रही इस फ्रेंचाइजी के बड़े पर्दे पर आने से बॉक्स ऑफिस पर भी बड़ी उम्मीदें जताई जा रही हैं।
टीज़र सामने आते ही सोशल मीडिया पर मिर्जापुर के प्रशंसकों ने इसे जबरदस्त प्रतिक्रिया दी है। ‘कालीन भैया’, ‘गुड्डू पंडित’ और ‘बबलू पंडित’ की वापसी ने फैंस की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। अब सभी की निगाहें 4 सितंबर 2026 पर टिकी हैं, जब मिर्जापुर का भौकाल पहली बार सिनेमाघरों में देखने को मिलेगा।