

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Fake Advocate Caught in Court Premises
रायपुर। रायपुर जिला न्यायालय परिसर में शनिवार को एक फर्जी वकील पकड़ा गया। आरोपी काला कोट और बैंड पहनकर खुद को अधिवक्ता बताकर लोगों से ठगी कर रहा था। जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों की सतर्कता से उसे पकड़कर सिविल लाइन थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी कभी खुद को हरिरा डहरिया तो कभी मनीष कुर्रे बताकर कोर्ट परिसर में घूमता था। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों को उस पर संदेह हुआ। पूछताछ में उसके जवाब संदिग्ध पाए गए, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से चार-पांच फर्जी आईडी कार्ड और विजिटिंग कार्ड बरामद हुए। विजिटिंग कार्ड में उसके नाम के साथ बीएलएलबी और एलएलएम जैसी डिग्रियां भी दर्ज थीं। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह वकील नहीं है और उसके साथ पांच अन्य लोग भी फर्जी वकील बनकर लोगों को ठगने का काम करते हैं।
इसी दौरान एक पक्षकार ने शिकायत की कि आरोपी ने खनन पट्टा दिलाने के नाम पर 10 हजार रुपये लिए थे, लेकिन कोई काम नहीं किया। बार एसोसिएशन की लिखित शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, गिरोह के फरार पांच अन्य सदस्यों की तलाश शुरू कर दी गई है।