

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: GST evasion of Rs 14 crore exposed, fake company created in son's name; businessman arrested
रायपुर। छत्तीसगढ़ में फर्जी इनवाइस के जरिए टैक्स चोरी का मामला लगातार सामने आ रहा है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेशभर में कार्रवाई के बावजूद टैक्स चोरी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में सेंट्रल जीएसटी रायपुर जोनल यूनिट की डीजीजीआई (माल एवं सेवा कर महानिदेशालय) टीम ने 14 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी का खुलासा किया है। मामले में एक कारोबारी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया गया है।
बेटे के नाम पर बनाई फर्जी ट्रेड कंपनी
सेंट्रल जीएसटी अधिकारियों के अनुसार रायपुर के कारोबारी संतोष वाधवानी ने अपने बेटे के नाम पर ‘मेसर्स विजय लक्ष्मी ट्रेड कंपनी’ का गठन किया था। जांच में सामने आया कि यह कंपनी केवल कागजों में संचालित हो रही थी और वास्तविक रूप से कोई व्यापार नहीं किया गया।
80 करोड़ के फर्जी इनवाइस से की टैक्स चोरी
जांच में पता चला कि आरोपी ने अपनी फर्म के जरिए करीब 80 करोड़ रुपये के फर्जी इनवाइस तैयार किए। बिना किसी माल की वास्तविक आपूर्ति के केवल दस्तावेजों में लेन-देन दिखाया गया। इन फर्जी बिलों के जरिए आरोपी ने लगभग 14 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी की।
फर्जी आईटीसी लेकर सरकारी खजाने को नुकसान
अधिकारियों के मुताबिक आरोपी ने फर्जी इनवाइस के आधार पर इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का भी गलत तरीके से लाभ उठाया। जांच में यह सामने आया कि करीब 5 करोड़ रुपये का फर्जी आईटीसी लिया गया, जिससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचा।
रिटर्न और डेटा एनालिसिस से हुआ खुलासा
डीजीजीआई रायपुर जोनल यूनिट की टीम ने पहले कंपनी के रिटर्न और अन्य वित्तीय दस्तावेजों का गहन विश्लेषण किया। एक-एक डेटा, ई-वे बिल रिकॉर्ड और बैंक स्टेटमेंट की जांच की गई। पुख्ता सबूत मिलने के बाद कारोबारी के दफ्तर और आवास पर छापा मारा गया।
29 जनवरी की रात हुई गिरफ्तारी
सभी सबूत जुटाने के बाद आरोपी संतोष वाधवानी को 29 जनवरी की रात करीब 9 बजे गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने जीएसटी अधिनियम 2017 की धारा 69 के तहत गिरफ्तारी योग्य अपराध किया है और धारा 132 के तहत यह दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है।
अन्य सहयोगियों की भी जांच जारी
जीएसटी विभाग ने संकेत दिए हैं कि इस फर्जीवाड़े में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। संभावित मददगारों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
कारोबारियों को दी सख्त चेतावनी
अधिकारियों ने सभी व्यापारियों से कर नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की धोखाधड़ी या फर्जीवाड़े में शामिल पाए जाने पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।