

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

'Gold brick' fraud gang with Mathura connection exposed, gang leader arrested in Rajasthan, swindled 10 crore rupees in 10 years
मथुरा। पीतल की ईंटों को सोने की बताकर देशभर में ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। राजस्थान पुलिस ने गिरोह के सरगना शकील को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि उसने पिछले 10 वर्षों में 100 से अधिक लोगों को ठगकर करीब 10 करोड़ रुपये ऐंठे।
मथुरा के सुनार से जुड़ा था नेटवर्क
जांच में यह भी पता चला है कि शकील नकली ‘सोने की ईंट’ तैयार कराने के लिए मथुरा के एक सुनार के संपर्क में था। ईंटों को इस तरह डिजाइन कराया जाता था कि वे असली सोने जैसी दिखें। खास तौर पर ईंट के चारों कोनों पर सोने की परत चढ़ाई जाती थी, जिससे धोखा देना आसान हो जाता था। राजस्थान पुलिस अब उस सुनार की तलाश में जुट गई है।
‘जेसीबी ऑपरेटर’ बनकर रचता था कहानी
शकील खुद को जेसीबी ऑपरेटर बताता था और लोगों को कहानी सुनाता कि खुदाई के दौरान उसे सोने की ईंटें मिली हैं। लालच में आकर लोग सस्ते दाम पर ‘सोना’ खरीदने के झांसे में फंस जाते थे।
कई राज्यों में फैला था गिरोह
यह ठगी नेटवर्क राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश तक फैला हुआ था। गिरोह के हर सदस्य की भूमिका तय थी कोई ग्राहक फंसाता, कोई नकली ईंट तैयार करता, तो कोई डील फाइनल कराता।
पुलिस की आगे की कार्रवाई
राजस्थान पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है और मथुरा के सुनार को जल्द गिरफ्तार करने की तैयारी में है। मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।