

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Golden opportunity for ADPO recruitment at CGPSC; vacancies announced for 15 posts.
रायपुर। प्रदेश के विधि स्नातकों के लिए सरकारी अधिकारी बनने का सुनहरा अवसर आया है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजी पीएससी) ने गृह विभाग के अंतर्गत सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी (एडीपीओ) के 15 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। इच्छुक अभ्यर्थी 22 जून 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। चयन प्रक्रिया लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर पूरी की जाएगी।
आयोग द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार कुल 15 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें 10 नए पद तथा 5 पद बैकलॉग/कैरीफॉरवर्ड श्रेणी के हैं। चयनित अभ्यर्थियों को पे-मैट्रिक्स लेवल-9 के तहत 38,100 रुपये से 1,20,400 रुपये तक का वेतनमान मिलेगा।
भर्ती के लिए अभ्यर्थी के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से विधि (लॉ) में स्नातक की डिग्री होना अनिवार्य है। आयु सीमा 1 जनवरी 2026 की स्थिति में 21 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं छत्तीसगढ़ के स्थानीय अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में छूट देते हुए 40 वर्ष तक आवेदन की पात्रता प्रदान की गई है।
चयन प्रक्रिया के तहत 300 अंकों की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में कुल 150 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे, जिन्हें हल करने के लिए तीन घंटे का समय मिलेगा। प्रश्नपत्र दो भागों में विभाजित होगा। पहले भाग में छत्तीसगढ़ एवं भारत का सामान्य ज्ञान विषय से 50 प्रश्न (100 अंक) तथा दूसरे भाग में विधि विषय से 100 प्रश्न (200 अंक) पूछे जाएंगे।
आयोग ने विधि विषय के पाठ्यक्रम में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। पुराने कानूनों की जगह अब भारतीय न्याय संहिता, 2023 (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 (BNSS) तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम, 2023 को शामिल किया गया है। इससे अभ्यर्थियों को नए कानूनी प्रावधानों का अध्ययन करना होगा।
लिखित परीक्षा में निगेटिव मार्किंग का प्रावधान भी रखा गया है। प्रत्येक गलत उत्तर के लिए एक-तिहाई (1/3) अंक काटे जाएंगे। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को 30 अंकों के साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ : 22 जून 2026 (दोपहर 12 बजे से)
आवेदन की अंतिम तिथि : 21 जुलाई 2026 (रात्रि 11:59 बजे तक)
निःशुल्क त्रुटि सुधार : 22 से 24 जुलाई 2026
सशुल्क त्रुटि सुधार : 25 एवं 26 जुलाई 2026 (शुल्क 500 रुपये)
लिखित परीक्षा : 20 सितंबर 2026