

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpg&w=3840&q=75)
Chhattisgarh: Good Governance Festival becomes a medium to solve public problems, Chief Minister Vishnudeo Sai gives a big gift of development and health services to Surajpur.
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि सुशासन तिहार केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान और शासन को लोगों के द्वार तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। सूरजपुर जिले के रामानुजनगर-पटना में आयोजित समाधान शिविर में मुख्यमंत्री ने आमजन से संवाद करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और ग्रामीण क्षेत्रों में त्वरित समस्या समाधान सुनिश्चित करना है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। साथ ही जिला चिकित्सालय सूरजपुर में अत्याधुनिक 32 स्लाइस सीटी स्कैन मशीन का वर्चुअल शुभारंभ कर स्वास्थ्य सेवाओं को भी बड़ी मजबूती दी।

सुशासन तिहार के जरिए गांव-गांव पहुंच रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की जिम्मेदारी केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि उनका लाभ सही समय पर सही व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार के तहत यह उनका 11वां जिला दौरा है और 10 जून तक प्रदेश के सभी 33 जिलों में पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि हर जिले में अधिकारियों के साथ योजनाओं की समीक्षा, राजस्व प्रकरणों के निराकरण और लंबित मामलों के समाधान की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर लोगों की शिकायतों का मौके पर समाधान किया जा रहा है।
विकास कार्यों में गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभिन्न योजनाओं और व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण कर निगरानी भी की जा रही है।
उन्होंने तेंदूपत्ता संग्राहकों का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले ग्रामीण भाई-बहन नंगे पैर जंगलों में तेंदूपत्ता संग्रहण करने जाते थे, जिससे उन्हें काफी परेशानी होती थी, लेकिन अब चरण पादुका योजना के माध्यम से उन्हें राहत और सुरक्षा मिल रही है।

किसानों, महिलाओं और गरीब परिवारों के लिए सरकार की बड़ी पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों, महिलाओं और गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि किसानों को 3716 करोड़ रुपये बोनस वितरित किया गया है और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 70 लाख महिलाओं को लाभ मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने रामलला दर्शन योजना, मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना और अटल डिजिटल सेवा केंद्रों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ई-डिस्ट्रिक्ट प्रणाली के जरिए आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र जैसी सुविधाएं अब घर बैठे उपलब्ध होंगी।
जल्द शुरू होगी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
मुख्यमंत्री साय ने घोषणा की कि जल्द ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू की जाएगी, जहां नागरिक टोल-फ्री नंबर के माध्यम से अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे। शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग कर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना का जिक्र करते हुए कहा कि 31 जून तक बिजली बिल समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। साथ ही लोगों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जुड़ने की अपील भी की।

रामानुजनगर और सूरजपुर को मिली नई सौगातें
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में तीन महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें रामपुर-रामानुजनगर में मिनी स्टेडियम निर्माण, पटना में हायर सेकेंडरी स्कूल और नगर पालिका सूरजपुर पॉलीटेक्निक की बाउंड्रीवाल निर्माण शामिल है।
उन्होंने कहा कि विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ का निर्माण राज्य सरकार का संकल्प है और विकास कार्यों की गति को और तेज किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ी परंपरा से जुड़ाव का संदेश
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री किसान रघुनंदन सिंह के घर पहुंचे, जहां उन्होंने सरई पत्ते से बने दोने-पत्तल में परोसे गए पारंपरिक छत्तीसगढ़ी भोजन का स्वाद लिया। मिट्टी के चूल्हे पर बनी कोयलार भाजी, कोचई पत्ते से बना ईढ़र और आम की चटनी जैसे व्यंजनों के साथ मिट्टी के गिलास में जल ग्रहण कर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की संस्कृति और ग्रामीण जीवन से अपने गहरे जुड़ाव का संदेश दिया।
सूरजपुर जिला अस्पताल में शुरू हुई अत्याधुनिक सीटी स्कैन सुविधा
सुशासन तिहार के अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय सूरजपुर में 32 स्लाइस अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन का वर्चुअल शुभारंभ भी किया। लगभग 449.99 लाख रुपये की लागत से स्थापित इस सुविधा को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, सीजीएमएससी और मुख्यमंत्री शासकीय अस्पताल रूपांतरण कोष के माध्यम से विकसित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुविधा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देगी और लोगों को समयबद्ध व बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मददगार साबित होगी।
अब जिले में ही होगी गंभीर बीमारियों की जांच
नई सीटी स्कैन सुविधा से सूरजपुर जिले की लगभग 9 लाख 11 हजार आबादी सहित आसपास के जिलों के मरीजों को लाभ मिलेगा। अब सड़क दुर्घटनाओं में हेड इंजरी, ब्रेन हेमरेज, कैंसर, ट्यूमर, स्ट्रोक, छाती संबंधी संक्रमण, पेट की गंभीर बीमारियों और मिर्गी जैसी जटिल बीमारियों की जांच जिला अस्पताल में ही संभव हो सकेगी।
अब तक इन जांचों के लिए मरीजों को अंबिकापुर रेफर किया जाता था, जिससे समय और धन दोनों की परेशानी होती थी। नई सुविधा शुरू होने से मरीजों को कम खर्च में स्थानीय स्तर पर जांच की सुविधा मिलेगी।

24 घंटे उपलब्ध रहेगी विशेषज्ञ टीम
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिला चिकित्सालय में रेडियोलॉजिस्ट और प्रशिक्षित टेक्नीशियनों की 24×7 टीम तैनात की गई है, जिससे मरीजों को लगातार गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकेंगी। अधिकारियों का कहना है कि इससे मरीजों और उनके परिजनों पर आर्थिक बोझ कम होगा तथा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और मजबूत होगी।