

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Government focuses on skills, employment, startups, and modern education; over 18,000 youths received training.
रायपुर। युवाओं को विकास के केंद्र में रखते हुए छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार कौशल विकास, रोजगार, उच्च शिक्षा, उद्यमिता और खेल के क्षेत्र में अवसरों का विस्तार करने पर जोर दे रही है। सरकार के अनुसार, पिछले करीब तीन वर्षों में युवाओं को रोजगारपरक कौशल से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं और पहल शुरू की गई हैं।
सरकार की रणनीति का फोकस युवाओं को केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें कुशल, आत्मनिर्भर और नवाचार के लिए तैयार मानव संसाधन के रूप में विकसित करना है। शिक्षा और प्रशिक्षण को रोजगार तथा उद्योगों की जरूरतों से जोड़ने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत राज्य के 26 जिलों में अब तक करीब 18 हजार 330 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। सरकार के मुताबिक, इस पर लगभग 29 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। आने वाले समय में 35 हजार और युवाओं को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है।
युवाओं के कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने 75 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। प्रशिक्षण कार्यक्रमों को उद्योगों और बाजार की बदलती जरूरतों के अनुरूप तैयार करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
युवा केंद्रित एजेंडे में सरकारी नौकरियों में भर्ती व्यवस्था को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने पर भी जोर दिया गया है। राज्य में करीब 9 हजार रिक्त सरकारी पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
इसके साथ ही क्लास-3 और क्लास-4 के पदों पर भर्ती प्रक्रिया को अधिक एकीकृत और पारदर्शी बनाने के लिए नए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल का गठन किया गया है।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए सरकार ने CG-ACE पहल शुरू की है। इसके तहत NEET, CLAT, JEE, UPSC, CGPSC, बैंकिंग, SSC और रेलवे जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।
इस पहल के लिए सरकार ने 33 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर या संसाधनों की कमी से जूझ रहे प्रतिभागियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
सरकार ने उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने को भी अपनी युवा विकास रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उच्च शिक्षा के बजट में करीब 50 प्रतिशत की वृद्धि की गई है और वर्ष 2025-26 में इसे बढ़ाकर 1,822.75 करोड़ रुपये किया गया।
राज्य के पांच सरकारी कॉलेजों को उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इनमें जशपुर, रायपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार और रायगढ़ के कॉलेज शामिल हैं।
तकनीकी और आधुनिक शिक्षा के विस्तार के लिए कवर्धा, जशपुर, रायगढ़ और जगदलपुर में छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (CGIT) विकसित किए गए हैं। इन्हें प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों की तर्ज पर विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
आने वाले समय में रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में भी CGIT के विस्तार की योजना है। इसके जरिए युवाओं को राज्य में ही तकनीकी शिक्षा और आधुनिक कौशल के अधिक अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि युवा छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत और भविष्य की उम्मीद हैं। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक युवा को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल, अवसर और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध हो।
सरकार के युवा केंद्रित प्रयासों में कौशल प्रशिक्षण, सरकारी रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, उच्च शिक्षा के विस्तार और तकनीकी संस्थानों के विकास को प्रमुखता दी जा रही है। इन पहलों के माध्यम से युवाओं को रोजगार के साथ-साथ आत्मनिर्भरता और उद्यमिता के अवसरों से जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है।