

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Growing influence of people of Indian origin in Britain's new cabinet: Kanishka Narayan appointed AI Minister, and Lisa Nandy given responsibility for the Ministry of Culture.
नई दिल्ली। नए प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम ने पदभार संभालने के कुछ ही घंटों के भीतर अपनी नई कैबिनेट का गठन कर दिया। उन्होंने भारतीय मूल के दो नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपते हुए कनिष्क नारायण को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मंत्री और लिसा नंदी को संस्कृति, मीडिया एवं खेल मंत्रालय का प्रभार दिया। इस फैसले को उनकी सरकार में भारतीय मूल के नेताओं की मजबूत मौजूदगी के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
56 वर्षीय एंडी बर्नहम सोमवार को ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बने। वह पिछले एक दशक में देश के सातवें प्रधानमंत्री हैं। पद संभालने के बाद अपने पहले संबोधन में उन्होंने राजनीतिक अस्थिरता खत्म करने और स्थिर, जिम्मेदार शासन देने का वादा किया। इससे पहले वह सत्तारूढ़ लेबर पार्टी के निर्विरोध नेता चुने गए थे।
नई कैबिनेट में पूर्व रक्षा मंत्री जॉन हीली को वित्त मंत्री बनाया गया है, जबकि एड मिलिबैंड को विदेश मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं कनिष्क नारायण और लिसा नंदी को पदोन्नत कर कैबिनेट में शामिल किया गया।
36 वर्षीय कनिष्क नारायण का जन्म बिहार के मुजफ्फरपुर में हुआ था। बचपन में उनका परिवार वेल्स की राजधानी कार्डिफ चला गया। उन्होंने ऑक्सफोर्ड और स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त की है। इससे पहले वह AI मामलों के जूनियर मंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं और भारत-ब्रिटेन संबंधों को मजबूत बनाने के समर्थक माने जाते हैं।
44 वर्षीय लिसा नंदी का जन्म मैनचेस्टर में हुआ, लेकिन उनका पारिवारिक संबंध भारत से जुड़ा है। उनके पिता दीपक नंदी का जन्म कोलकाता में हुआ था और वह शिक्षाविद रहे हैं, जबकि उनकी मां लुईस बायर्स ब्रिटिश मूल की हैं। लिसा नंदी इससे पहले संस्कृति, मीडिया और खेल विभाग में राज्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एंडी बर्नहम को प्रधानमंत्री बनने पर बधाई देते हुए कहा कि भारत और ब्रिटेन साझा लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने दोनों देशों की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने तथा साझा विजन 2035 को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने की उम्मीद जताई। वहीं विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी ब्रिटेन की नई सरकार और विदेश मंत्री एड मिलिबैंड को शुभकामनाएं दीं।