

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Gurugram penthouse sold for ₹271 crore... becomes the country's most expensive single residential property deal.
गुरुग्राम। लग्जरी रियल एस्टेट बाजार ने एक नया इतिहास रच दिया है। सेक्टर-54 स्थित डीएलएफ के अल्ट्रा-लक्जरी प्रोजेक्ट 'द डहलियास' में एक पेंटहाउस 271 करोड़ रुपये में बिक गया है। इसे भारत की अब तक की सबसे महंगी सिंगल-यूनिट रिहायशी प्रॉपर्टी डील माना जा रहा है। इस पेंटहाउस को उद्योगपति और निवेशक मानव सरदाना ने खरीदा है।
करीब 17,200 वर्गफुट सुपर एरिया और लगभग 10,500 वर्गफुट कारपेट एरिया वाले इस पेंटहाउस की कीमत ने नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है। सुपर एरिया के आधार पर इसकी कीमत लगभग 1.58 लाख रुपये प्रति वर्गफुट और कारपेट एरिया के हिसाब से करीब 2.6 लाख रुपये प्रति वर्गफुट बैठती है। इस स्तर की कीमतें देश के सबसे प्रीमियम रिहायशी बाजारों की श्रेणी में गिनी जा रही हैं।
'द डहलियास' को डीएलएफ ने अक्टूबर 2024 में लॉन्च किया था। लगभग 17 एकड़ में फैले इस प्रोजेक्ट में 420 लग्जरी अपार्टमेंट और पेंटहाउस विकसित किए जा रहे हैं। कंपनी को इस परियोजना से 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक राजस्व मिलने की उम्मीद है। लॉन्च के बाद से ही देश के बड़े उद्योगपतियों, निवेशकों और हाई नेटवर्थ व्यक्तियों की इसमें खास दिलचस्पी देखने को मिली है। अब तक 60 प्रतिशत से अधिक यूनिट्स बिक चुकी हैं।
मानव सरदाना ऑटोमोबाइल सेक्टर से जुड़े प्रतिष्ठित सरदाना परिवार के सदस्य हैं। उनके पिता एस.बी. सरदाना ने वर्ष 1969 में इम्पीरियल ऑटो इंडस्ट्रीज की स्थापना की थी। बाद में वर्ष 2022 में निवेश कंपनी वारबर्ग पिंकस ने कंपनी में 70 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीद ली। वर्तमान में मानव सरदाना विभिन्न क्षेत्रों में निवेशक के रूप में सक्रिय हैं और कई कंपनियों में निदेशक की भूमिका भी निभा रहे हैं। उनके निवेश रियल एस्टेट के अलावा कई उभरती कंपनियों तक फैले हुए हैं।
इससे पहले इसी प्रोजेक्ट में निवेशक मधुसूदन केला ने करीब 120.71 करोड़ रुपये में एक लग्जरी अपार्टमेंट खरीदा था। गुरुग्राम के डीएलएफ कैमेलियाज प्रोजेक्ट में भी 100 करोड़ रुपये से अधिक कीमत वाले कई आवासीय सौदे हो चुके हैं, लेकिन 271 करोड़ रुपये की यह डील अब तक की सबसे बड़ी सिंगल-यूनिट रिहायशी बिक्री बन गई है।
गोल्फ कोर्स रोड और सेक्टर-54 का इलाका तेजी से देश के सबसे प्रीमियम रिहायशी क्षेत्रों में शामिल हो रहा है। यहां खरीदार सिर्फ बड़े घर नहीं, बल्कि विश्वस्तरीय डिजाइन, प्राइवेसी, आधुनिक सुविधाएं और बेहतरीन लोकेशन को प्राथमिकता दे रहे हैं। इसी वजह से गुरुग्राम का अल्ट्रा-लक्जरी बाजार लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है।
मुंबई में इससे अधिक मूल्य के कई रियल एस्टेट सौदे हुए हैं, लेकिन उनमें एक से अधिक आवासीय यूनिट शामिल थीं। गुरुग्राम की यह डील इसलिए खास मानी जा रही है क्योंकि 271 करोड़ रुपये की पूरी राशि केवल एक पेंटहाउस के लिए चुकाई गई है। इसी वजह से इसे देश की सबसे महंगी सिंगल-यूनिट रिहायशी प्रॉपर्टी डील माना जा रहा है।
रियल एस्टेट विशेषज्ञों का मानना है कि दिल्ली-एनसीआर में 10 करोड़ रुपये से अधिक कीमत वाले घरों की मांग तेजी से बढ़ रही है। बड़े निवेशक और एनआरआई अब प्रीमियम आवासीय परियोजनाओं को निवेश के साथ-साथ स्टेटस सिंबल के रूप में भी देख रहे हैं। गुरुग्राम में लगातार हो रहे हाई-वैल्यू सौदे इस बदलते ट्रेंड की स्पष्ट तस्वीर पेश कर रहे हैं।