

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Half a dozen theft cases solved; four accused, including a history-sheeter, arrested.
रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने विधानसभा, तिल्दा-नेवरा, धरसींवा और खरोरा थाना क्षेत्रों में हुई नकबजनी और वाहन चोरी की करीब आधा दर्जन वारदातों का खुलासा करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के चांदी के जेवर, चोरी की रकम से खरीदी गई स्विफ्ट डिजायर कार और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की बाइक जब्त की है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 2.20 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी अविनाश गोस्वामी महासमुंद जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ रायपुर और महासमुंद जिलों के विभिन्न थानों में चोरी और नकबजनी के करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं और वह पहले भी जेल जा चुका है।
जांच के दौरान पुलिस ने पहले सागर गिरी गोस्वामी और तीन विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया। पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर मुख्य आरोपी अविनाश गोस्वामी तथा दो अन्य बालकों की पहचान की गई। पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर सभी वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों ने विधानसभा क्षेत्र की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, तिल्दा-नेवरा के भुरसिया वार्ड, धरसींवा के कुकरेरा गांव और खरोरा क्षेत्र के कई सूने मकानों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवर, नकदी और अन्य सामान चोरी किए थे। इसके अलावा खरोरा क्षेत्र से एक बुलेट बाइक भी चोरी की गई थी।
पुलिस ने चोरी के जेवर खरीदने के आरोप में दलदल सिवनी निवासी लक्ष्मी नरसिंहा जवादी को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों और बाल अपचारियों की निशानदेही पर चांदी की पायल, सिक्के और चेन समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।