

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Health Department's activity in the village near the divisional headquarters began belatedly... two medical teams are conducting examinations and providing treatment.
जगदलपुर। संभाग मुख्यालय से लगे ग्राम पंचायत घाटपदमुर के नेगीगुड़ा गांव में पीलिया का प्रकोप चिंता का कारण बन गया है। पिछले एक सप्ताह के दौरान गांव में 32 लोग इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 6 मरीजों की हालत गंभीर होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर सभी मरीज अब अपने घर लौट चुके हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बीमारी फैलने के बाद भी शुरुआती दिनों में स्वास्थ्य विभाग की ओर से अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखाई गई। संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ने के बाद विभाग ने गांव में विशेष निगरानी शुरू की है। गुरुवार को दो मेडिकल टीमों को नेगीगुड़ा भेजा गया, जहां स्वास्थ्य शिविर लगाकर मरीजों की जांच और उपचार का काम शुरू किया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने पूरे गांव में डोर-टू-डोर सर्वे अभियान चलाया है। अब तक 377 घरों का सर्वे पूरा किया जा चुका है। इस दौरान संभावित मरीजों की पहचान कर उन्हें आवश्यक जांच और उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। मेडिकल टीमें लगातार गांव में मौजूद रहकर लोगों की सेहत पर नजर बनाए हुए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार शुरुआत में कुछ लोगों में उल्टी, दस्त और आंखों में पीलापन जैसे लक्षण दिखाई दिए थे। धीरे-धीरे मरीजों की संख्या बढ़ती गई, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने पूरे इलाके को निगरानी में लेकर राहत और उपचार अभियान तेज किया। फिलहाल गांव में स्वास्थ्य टीमों की निगरानी जारी है और लोगों को साफ पानी पीने तथा स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी जा रही है।