

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Heat wave likely to increase in Raipur till April 26
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मध्य क्षेत्र के लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के बाद अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। 24 से 26 अप्रैल के बीच मध्य भाग में लू जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई गई है।
दुर्ग रहा सबसे गर्म, 43.5°C दर्ज
पिछले 24 घंटों में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुछ स्थानों, खासकर नानगुर में हल्की से मध्यम बारिश भी हुई, लेकिन इससे गर्मी में ज्यादा राहत नहीं मिली।
मौसम सिस्टम: द्रोणिका और प्रति चक्रवात सक्रिय
मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा के मुताबिक, मराठवाड़ा से कोमोरिन क्षेत्र तक लगभग 0.9 किमी ऊंचाई तक एक द्रोणिका सक्रिय है। इसके साथ ही अंदरुनी महाराष्ट्र, तेलंगाना और उत्तर आंतरिक कर्नाटक के ऊपर 3.1 से 5.8 किमी ऊंचाई तक एक प्रति चक्रवात बना हुआ है। इन सिस्टम्स के कारण प्रदेश में शुष्क और गर्म हवाओं का प्रभाव बढ़ रहा है।
अगले दो दिन मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा। इस दौरान तापमान में लगातार वृद्धि देखने को मिलेगी, जिससे गर्मी और तेज महसूस होगी।
रायपुर में आज का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं।