

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Heatwave expected in Chhattisgarh, mercury reaches 44°C
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम पर एंटी साइक्लोन का असर लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे प्रदेश में गर्मी का प्रकोप तेज हो गया है। पिछले 24 घंटों में तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है और कई जिलों में पारा 44 डिग्री के करीब पहुंच गया है।
राजनांदगांव रहा सबसे गर्म
प्रदेश में बुधवार को सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 19 डिग्री सेल्सियस रहा।
अन्य प्रमुख शहरों में भी तापमान 40 डिग्री के पार बना हुआ है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
हीटवेव की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में मौसम फिलहाल शुष्क बना रहेगा और आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। मध्य क्षेत्र में अगले दो दिनों में 2 से 3 डिग्री तक तापमान बढ़ सकता है। इसके साथ ही एक-दो स्थानों पर हीटवेव या हीटवेव जैसी स्थिति बनने के आसार हैं।
मौसम प्रणाली का असर
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश से लेकर कन्याकुमारी तक फैली द्रोणिका और कर्नाटक-महाराष्ट्र क्षेत्र में बने प्रति चक्रवात का प्रभाव छत्तीसगढ़ पर पड़ रहा है। इसी कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
रायपुर में बढ़ेगी तपिश
राजधानी रायपुर में गुरुवार को आसमान साफ रहने की संभावना है, जिससे गर्मी और बढ़ सकती है। यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
प्रमुख शहरों का तापमान (°C)
राजनांदगांव – 43
धमतरी – 42.9
दुर्ग – 41.9
बिलासपुर – 41.9
रायपुर – 41.7
बेमेतरा – 41.6
मुंगेली – 41.5
बालोद – 41.3
कबीरधाम – 41.1
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही – 40.2
बस्तर – 39.3
सुकमा – 39.2
सरगुजा – 39.1
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
तेज गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।