Copyright © 2025 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
Heavy landslide on Jabalpur-Mandla road: Heavy rains disrupt normal life, hundreds of vehicles stranded...VIDEO
जबलपुर/ भोपाल। मध्य प्रदेश में हुई भारी वर्षा ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। इसी क्रम में जबलपुर और मंडला को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर कालपी के पास हुए भीषण भूस्खलन के कारण सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई है, जिससे हजारों यात्रियों और वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, जबलपुर-मंडला राष्ट्रीय राजमार्ग पर कालपी के पास पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा धंसने से सड़क पर भारी मात्रा में पत्थर और मलबा आ गया है। लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे भूस्खलन की स्थिति और गंभीर हो गई। सड़क के दोनों ओर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया है, जिसमें दोपहिया, चारपहिया वाहनों के साथ-साथ कई भारी वाहन भी फंसे हुए हैं।
मंडला, जबलपुर, सिवनी सहित मध्य प्रदेश के कई जिलों में आज भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जिससे राहत मिलने की उम्मीद कम है। मौसम विभाग ने पूरे राज्य में 30 जिलों को अलर्ट पर रखा है।
यात्री घंटों से जाम में फंसे हुए हैं, जिससे उन्हें भोजन-पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। कई यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक और लंबे रास्तों का चुनाव करना पड़ रहा है, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहे हैं।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और भूस्खलन से सड़क पर आए मलबे को हटाने का काम युद्धस्तर पर जारी है। हालांकि, लगातार बारिश और पहाड़ी से गिरते पत्थरों के कारण बचाव कार्य में बाधा आ रही है। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और जब तक सड़क पूरी तरह से साफ न हो जाए, तब तक इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें।
क्षेत्र में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जिससे राहत और बचाव कार्यों में और चुनौतियां आ सकती हैं। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि, वे यात्रा करने से पहले स्थानीय मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी अवश्य ले लें।