

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Under-construction bridge collapses in Hamirpur, 6 labourers died, many feared buried
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। कुरारा थाना क्षेत्र में बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन कंडौर मोराकांदर पुल का एक हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे में अब तक 6 मजदूरों की मौत की खबर सामने आई है, जबकि कई अन्य मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि कुछ लोग अभी भी मलबे में दबे हो सकते हैं।
तेज तूफान बना हादसे की वजह
जानकारी के अनुसार गुरुवार देर रात हमीरपुर समेत आसपास के कई जिलों में तेज आंधी और तूफान आया था। इसी दौरान निर्माणाधीन पुल की सटरिंग, स्लैब और पुल की कोठी भरभराकर गिर गई। हादसे के समय कई मजदूर नीचे काम कर रहे थे, जो मलबे में दब गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुल गिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
राहत और बचाव अभियान जारी
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। SDRF की टीम भी राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। मलबा हटाने के लिए मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
घटनास्थल पर एसडीएम, सीओ समेत कई थानों की पुलिस बल तैनात है। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
मुख्यमंत्री योगी ने जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के समुचित इलाज और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है।
मृतकों के परिजनों को मुआवजे की घोषणा
सीएम योगी ने हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं घायलों को 50 हजार रुपये की मदद देने का ऐलान किया गया है। प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।