

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Vietnam Speedboat Accident: Strong waves capsized the boat, 15 Indians died; surviving tourists recounted their harrowing ordeal.
नई दिल्ली। वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास हुआ स्पीडबोट हादसा भारतीय पर्यटकों के लिए दर्दनाक त्रासदी बन गया। इस हादसे में 15 भारतीयों की जान चली गई, जबकि 17 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। हादसे में जीवित बचे पर्यटकों ने बताया कि समुद्र में अचानक तेज लहरें उठीं और कुछ ही क्षणों में स्पीडबोट पलट गई। कई लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
दुर्घटना में बच गए पर्यटक निर्मल कुमार ने बताया कि उनका समूह एक द्वीप से दूसरे द्वीप की ओर जा रहा था। इसी दौरान समुद्र का मौसम अचानक बिगड़ गया और ऊंची लहरों ने स्पीडबोट को अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने बताया कि नाव के अगले हिस्से में बैठे कुछ लोग समुद्र में कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन अंदर बैठे कई यात्री नाव के भीतर ही फंस गए और बाहर नहीं निकल सके।
निर्मल कुमार ने बताया कि स्थानीय बचाव दल ने समय रहते कई लोगों को समुद्र से बाहर निकाला, लेकिन जिस द्वीप पर उन्हें पहुंचाया गया, वहां पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं। उनके साथ यात्रा कर रहे एक डॉक्टर ने भी बताया कि जरूरी दवाइयों और संसाधनों की कमी के कारण गंभीर रूप से घायल लोगों का तत्काल प्रभावी उपचार संभव नहीं हो सका।
शवों को भारत भेजने की प्रक्रिया शुरू
हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीय पर्यटकों के शवों को हो ची मिन्ह सिटी पहुंचाया गया है। आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शवों को जल्द भारत भेजा जाएगा। भारतीय दूतावास ने बताया कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद 16 भारतीय पर्यटक स्वदेश लौट रहे हैं, जबकि एक घायल की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
इस हादसे में केरल के कोल्लम जिले के एसी थामस और उनकी पत्नी लोवेनी थामस की भी मौत हो गई। परिजनों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि उन्हें शवों के भारत पहुंचने का इंतजार है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नाव रवाना होने से पहले यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि कई पर्यटकों ने जैकेट पहनने के बजाय हाथ में ही रख ली थी। हादसे के समय नाव किनारे से करीब 400 मीटर दूर थी। नाव पलटते ही कई यात्री समुद्र में गिर गए, जबकि कुछ उसके भीतर फंस गए।
स्थानीय नाविकों और बचाव दल ने तुरंत राहत अभियान शुरू किया। एक दर्जन से अधिक नावों की मदद से कई लोगों को सुरक्षित निकाला गया, लेकिन लगभग तीन मीटर ऊंची लहरों के कारण बचाव कार्य काफी चुनौतीपूर्ण रहा।
हादसे के बाद वियतनाम पुलिस ने स्पीडबोट के कप्तान गुयेन होंग हाई को हिरासत में ले लिया है। उन पर जल परिवहन सुरक्षा नियमों के उल्लंघन का आरोप है। वहीं, वियतनाम के प्रधानमंत्री ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं, ताकि हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सके।