

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Filth found in five-star hotel kitchens... expired food items also seized.
नई दिल्ली। राजधानी के एयरोसिटी इलाके में स्थित दो प्रमुख फाइव स्टार होटलों में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण यानी एफएसएसएआई की टीम ने जे डब्ल्यू मैरियट और हयात समूह के अंदाज दिल्ली का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों में साफ सफाई से जुड़ी कई कमियां मिलीं। इसके बाद एफएसएसएआई ने दोनों होटलों को नोटिस जारी किया है।निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्री के भंडारण और रखरखाव में भी लापरवाही पाई गई। कुछ खाद्य पदार्थों की स्थिति खराब मिली, जबकि एक्सपायरी डेट वाली सामग्री भी जांच टीम की नजर में आई, जिसे जब्त किया गया।
जे डब्ल्यू मैरियट में जांच के दौरान किचन और खाद्य सामग्री से जुड़े क्षेत्रों में कॉकरोच तथा फल मक्खियां मिलीं। टीम को सड़ी और फफूंद लगी खाद्य सामग्री भी मिली। इसके अलावा बर्तन साफ नहीं थे और भोजन तैयार करने तथा रखने वाले स्थानों पर स्वच्छता का स्तर संतोषजनक नहीं पाया गया।खाद्य पदार्थों को सुरक्षित तरीके से रखने की व्यवस्था में भी कमी सामने आई। कई सामग्री को इस तरह रखा गया था कि उनके आपस में संपर्क में आने से क्रॉस कंटेमिनेशन का खतरा पैदा हो सकता था।
हयात समूह के अंदाज दिल्ली में भी निरीक्षण के दौरान कीड़े-मकोड़े और गंदगी से जुड़ी कमियां सामने आईं। होटल में खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन और सफाई व्यवस्था को लेकर निरीक्षण टीम ने आपत्तियां दर्ज कीं।एफएसएसएआई ने इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए होटल प्रबंधन को नोटिस जारी किया है। दोनों होटल प्रबंधन की ओर से मामले पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
इसी बीच महाराष्ट्र में खाद्य प्रतिष्ठानों पर हुई कार्रवाई को लेकर एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे ने नियामक कार्रवाई का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि खाद्य कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों की ओर से दिए जाने वाले बहानों के बजाय अधिकारी वास्तविक स्थिति और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर निर्णय लेते हैं।मुंढे के मुताबिक कार्रवाई किसी भेदभाव के आधार पर नहीं की गई है। उन्होंने दावा किया कि कार्रवाई के बाद कई प्रतिष्ठानों ने अपनी रसोई और परिसर की स्वच्छता व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार किया है। जिन संस्थानों के लाइसेंस निलंबित किए गए थे, उनमें से कई ने बाद में खाद्य गुणवत्ता और साफ सफाई के स्तर को बेहतर किया।खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की लगातार कार्रवाई से साफ है कि बड़े होटल और रेस्तरां भी खाद्य सुरक्षा नियमों से बाहर नहीं हैं। उपभोक्ताओं को सुरक्षित और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण और नियामकीय कार्रवाई आगे भी जारी रहने की संभावना है।