

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Modi Cabinet Expansion: Youth and women likely to get a major opportunity; preparations underway to increase the number of women ministers to 12.
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित मंत्रिमंडल विस्तार में युवाओं और महिलाओं को बड़ा प्रतिनिधित्व मिलने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, सरकार मंत्रिपरिषद को अधिक युवा स्वरूप देने के साथ नए सहयोगी दलों और चुनावी राज्यों के राजनीतिक समीकरणों को साधने की तैयारी कर रही है।
संभावित फेरबदल में महिला मंत्रियों की संख्या मौजूदा 7 से बढ़ाकर कम से कम 12 किए जाने पर विचार चल रहा है। इसके साथ ही 50 वर्ष से कम उम्र के नेताओं की हिस्सेदारी बढ़ाने की योजना है। वर्तमान में ऐसे मंत्रियों की संख्या करीब 24 फीसदी बताई जा रही है, जिसे बढ़ाकर लगभग 40 फीसदी तक किया जा सकता है।
सूत्रों के अनुसार, मंत्रिमंडल में फिलहाल 50 वर्ष से कम आयु के करीब 17 मंत्री हैं। इनमें 40 वर्ष से कम उम्र के केवल दो राज्यमंत्री हैं। प्रस्तावित विस्तार में 40 वर्ष से कम उम्र के कम से कम पांच मंत्रियों को जगह दिए जाने की संभावना है।
मंत्रिमंडल को युवा स्वरूप देने के लिए वरिष्ठ और बुजुर्ग मंत्रियों की संख्या कम किए जाने की भी चर्चा है। इसके जरिए सरकार नई पीढ़ी के नेताओं को केंद्रीय जिम्मेदारी देने की दिशा में आगे बढ़ सकती है।
संभावित विस्तार में सिर्फ उम्र और महिला प्रतिनिधित्व ही नहीं, बल्कि नए सहयोगी दलों को प्रतिनिधित्व देने और आगामी चुनावी राज्यों के राजनीतिक समीकरणों को साधने पर भी जोर रहेगा। नए चेहरों की तलाश को लेकर पार्टी नेतृत्व में मंथन जारी है।
सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पश्चिम एशिया दौरे से 2 सितंबर को लौटने के बाद मंत्रिमंडल विस्तार की योजना को अंतिम रूप दिया जा सकता है। मंत्रियों की कुल संख्या बढ़ाकर 75 किए जाने की संभावना भी जताई जा रही है।
ऐसे में संभावित विस्तार में युवा चेहरे, महिलाओं, सहयोगी दलों और चुनावी राज्यों को प्रतिनिधित्व देने के साथ सरकार के राजनीतिक और संगठनात्मक संतुलन को साधने की कोशिश दिखाई दे सकती है।