

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Horrific road accident in Surajpur: Motorcycle collides with stationary truck; three youths died, one in critical condition.
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब चार युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे और उनकी बाइक सड़क पर खड़े ट्रक से जा टकराई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक ने पहले एक कार को टक्कर मारी थी। इसके बाद वह ट्रक को सड़क पर ही खड़ा छोड़कर मौके से फरार हो गया। सड़क पर खड़े ट्रक की वजह से पीछे से आ रही बाइक सीधे उसमें जा भिड़ी, जिससे यह भीषण हादसा हुआ।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीन युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं चौथा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही शिवपुर क्षेत्र के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसे से नाराज लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और खड़े ट्रक में आग लगा दी। देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगा।
सूचना मिलते ही प्रतापपुर थाना पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। एक साथ तीन युवकों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों ने दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।