

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Horrific accident on Samruddhi Expressway: Car catches fire after colliding with ethanol tanker; 6 people burnt alive.
वर्धा। महाराष्ट्र के वर्धा जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार इथेनॉल से भरे एक टैंकर से टकरा गई, जिसके बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से कार सवार चार लोगों और टैंकर चालक व क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा तड़के करीब तीन बजे विरुल गांव के पास हुआ। इथेनॉल से भरा टैंकर पहले से दुर्घटनाग्रस्त होकर एक्सप्रेसवे पर खड़ा था, जिसके कारण प्रशासन ने यातायात का मार्ग बदला हुआ था। इसी दौरान पुणे से वर्धा लौट रही तेज रफ्तार कार सीधे टैंकर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और देखते ही देखते दोनों वाहनों में आग लग गई।
हादसे में कार चालक अंकुश राऊत, राजेश टिपले, जाह्नवी टिपले और सुषमा टिपले की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में जुड़वां बहनें भी शामिल थीं, जो पुणे में प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर अपने गांव लौट रही थीं। सभी मृतक वर्धा जिले के सलोद गांव के निवासी बताए गए हैं।
आग की चपेट में आने से टैंकर चालक संजय कुमार और क्लीनर समरजीत पाल की भी झुलसकर मौत हो गई। हादसे की भयावहता इतनी थी कि किसी को भी बचने का मौका नहीं मिल सका।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के बाद राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और दुर्घटनाग्रस्त वाहन से टक्कर को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।