

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Heightened terror in Jammu and Kashmir: Bodies of two SPOs found riddled with bullets, service rifles missing; 3 CRPF personnel injured in Kulgam.
जम्मू। जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों ने एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। किश्तवाड़ जिले में बुधवार को लापता हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस के दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के शव बीते गुरुवार तड़के बरामद हुए। दोनों जवानों के शरीर पर गोलियों के कई निशान मिले हैं। हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल से उनके सर्विस हथियार भी गायब हैं। वहीं, कुलगाम में बाइक सवार हमलावरों ने CRPF कैंप के बाहर नाका ड्यूटी पर तैनात जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें तीन जवान घायल हो गए। इसके अलावा बारामूला में तलाशी अभियान के दौरान दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए हैं।
किश्तवाड़ जिले के मारवाह इलाके में बुधवार को अपने कैंप से धर्ना मारवाह आर्मी पोस्ट की ओर जाते समय दो SPO लापता हो गए थे। उनकी पहचान बॉबी चंद और रशपाल कुमार के रूप में हुई है। दोनों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ आने के बाद सुरक्षाबलों ने उनकी तलाश शुरू की। करीब 16 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद गुरुवार तड़के जंगल से दोनों के गोलियों से छलनी शव बरामद किए गए। बताया जा रहा है कि दोनों जवान सेना के साथ इलाके में सर्चिंग के लिए गए थे। उनके पास 60 राउंड वाली एक INSAS राइफल और 50 राउंड वाली एक .303 राइफल थी, जो घटनास्थल से गायब मिली हैं।
इस घटना के दौरान मारवाह इलाके में मोबाइल नेटवर्क सेवाएं बाधित होने की जानकारी भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि जिस समय दोनों SPO लापता हुए, उसी दौरान इलाके में एयरटेल नेटवर्क काम नहीं कर रहा था। गौरतलब है कि एयरटेल ने इसी साल 10 मार्च को मारवाह इलाके में पहली बार मोबाइल नेटवर्क सेवा शुरू की थी। जंगल में फायरिंग की आवाजें सुनाई देने की बात भी सामने आई है। फिलहाल घटना के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान को लेकर जांच की जा रही है।
किश्तवाड़ में SPO के लापता होने और हत्या की यह पहली घटना नहीं है। 15 अक्टूबर 2026 को SPO बशीर अहमद त्रिगाम स्थित पुलिस पिकेट से अपनी सर्विस राइफल के साथ लापता हो गए थे। अगले दिन 16 अक्टूबर को उनका शव जंगल में एक नाले के पास गड्ढे में दबा हुआ मिला था। इस मामले में पुलिस ने 19 अक्टूबर को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इधर, बारामूला जिले में सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान के दौरान दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं। पुलिस ने सेना के साथ संयुक्त अभियान चलाकर तंगमर्ग के बदरकोट जंगल में कार्रवाई की। इस दौरान बदरकोट निवासी गुलाम जिलानी रेशी को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से दो हैंड ग्रेनेड मिले हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विस्फोटक कहां से लाए गए थे और इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
किश्तवाड़ की घटना के बीच कुलगाम जिले में भी आतंकियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाया। बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने अखरान स्थित CRPF कैंप के बाहर नाका ड्यूटी पर तैनात जवानों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हमले में तीन जवान घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अनंतनाग के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल जवानों की पहचान हेड कॉन्स्टेबल सोमवीर और कॉन्स्टेबल संतानो तथा राकेश दास के रूप में हुई है। तीनों CRPF की 46वीं बटालियन में तैनात हैं।
हमले का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में हमलावर करीब 15 सेकेंड के भीतर लगभग 30 राउंड फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में शुरुआत में जवान चेकपॉइंट पर इधर-उधर जाते नजर आते हैं। इसी दौरान अचानक गोलियां चलने और जवानों के चीखने की आवाज सुनाई देती है। एक जवान को चिल्लाते हुए कहते सुना जा सकता है, 'इधर आ, जल्दी आ, गोली चल रही है।' इसके बाद लगातार फायरिंग होती है और हमलावर मौके से फरार हो जाते हैं। घटना के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
कुलगाम में CRPF जवानों पर हुए हमले के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गृह मंत्रालय में उच्चस्तरीय बैठक की जानकारी सामने आई है। बैठक में CRPF के महानिदेशक अधिकारियों को घटना से जुड़ी जरूरी जानकारी दे रहे हैं। सुरक्षाबल हमलावरों की तलाश में जुटे हैं। साथ ही इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ वर्षों के दौरान आतंकी गतिविधियों का सिलसिला जारी है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2024 से अब तक प्रदेश में 548 आतंकी घटनाएं हुई हैं। इन घटनाओं में 45 जवान शहीद हुए हैं, जबकि सुरक्षाबलों ने 138 आतंकियों को मार गिराया है। लगातार हो रहे हमलों और सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाए जाने से सुरक्षा एजेंसियों के सामने चुनौती बढ़ती जा रही है।
इससे पांच दिन पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस ने श्रीनगर से आतंकियों की मदद करने वाले दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया था कि ये लोग एक आतंकी मॉड्यूल के जरिए महिलाओं को निशाना बनाते थे। साथ ही अलगाववादी विचारधारा और उसके प्रचार को बढ़ावा देने में भी उनकी भूमिका बताई गई थी। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और पूरे मॉड्यूल की गतिविधियों की जांच कर रही है।