

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

High-level meeting on the Mahanadi dispute between Chhattisgarh and Odisha; Amit Shah to chair the meeting.
रायपुर। महानदी जल विवाद के समाधान को लेकर छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच बातचीत अब अहम दौर में पहुंचती नजर आ रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में 1 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की उच्चस्तरीय बैठक होने की संभावना है। इस बैठक में लंबे समय से चले आ रहे महानदी जल विवाद के समाधान को लेकर चर्चा हो सकती है।
बैठक को लेकर जानकारी ओडिशा के महाधिवक्ता पितांबर आचार्य की ओर से सामने आई है। इसके बाद दोनों राज्यों के बीच महानदी जल विवाद को लेकर समाधान की उम्मीदें बढ़ी हैं। माना जा रहा है कि बैठक में दोनों राज्यों के हितों को ध्यान में रखते हुए जल बंटवारे और अन्य संबंधित मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
इसी बीच ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के विधानसभा का मौजूदा सत्र समाप्त होने के बाद रायपुर आने की भी संभावना है। इस दौरान वे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर सकते हैं। दोनों नेताओं के बीच महानदी जल विवाद समेत दोनों राज्यों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।
इससे पहले 20 सितंबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भुवनेश्वर में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से उनके निवास पर शिष्टाचार भेंट की थी। इस दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच छत्तीसगढ़ और ओडिशा के आपसी सहयोग, विकास और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर सौहार्दपूर्ण एवं सार्थक चर्चा हुई थी।
महानदी जल विवाद को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा था कि लंबे समय से चले आ रहे इस विषय के समाधान की दिशा में अब सकारात्मक वातावरण बना है। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है और केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार है। सीएम साय के मुताबिक, केंद्र सरकार के सहयोग और दोनों राज्यों की सकारात्मक पहल से महानदी जल विवाद का जल्द समाधान निकलने की उम्मीद है।