

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Hindu organizations demand action following the prayer meeting controversy in Dhamtari; issue ultimatum until Saturday.
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी नगर में रविवार को ईसाई समाज की प्रार्थना सभा के दौरान हुए विवाद और हंगामे के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर अबिनाश मिश्रा से मुलाकात कर मामले में कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि प्रार्थना सभा को लेकर शांति समिति में पहले से तय नियमों का पालन नहीं किया गया।
हिंदू संगठनों का कहना है कि पूर्व में हुई चर्चा के दौरान यह सहमति बनी थी कि प्रार्थना सभा में केवल स्थानीय ईसाई समुदाय के लोग ही शामिल होंगे। इसके बावजूद रविवार को आसपास के जिलों और ब्लॉकों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने का आरोप लगाया गया।
प्रतिनिधियों ने इसे शांति समिति में तय व्यवस्था का उल्लंघन बताते हुए क्रिश्चियन फोरम के प्रतिनिधियों पर कार्रवाई की मांग प्रशासन के सामने रखी।
हिंदू संगठनों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि शनिवार तक मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करेंगे। बैठक के दौरान प्रशासन से विवाद की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए आगे ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग भी की गई।
बैठक में क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखने और दोनों पक्षों के बीच समन्वय बनाए रखने के लिए एक समिति गठित करने पर भी चर्चा हुई। इसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर किसी भी विवाद की स्थिति में संवाद के माध्यम से स्थिति को नियंत्रित करना बताया गया।
बैठक के बाद हिंदू जागरण मंच के प्रांत युवा प्रमुख दीपक सिंह ठाकुर ने कहा कि संविधान के नियमों का हवाला देकर ईसाई समाज की ओर से जो बातें कही जा रही हैं, उनका पालन उनके अपने समाज के लोगों के बीच भी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदुओं को प्रार्थना सभा में शामिल नहीं किया जाना चाहिए।