

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Horrific road accident in Balod: Violent collision between a DJ-equipped pickup truck and a truck; 5 youths dead.
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शुक्रवार को नेशनल हाईवे-30 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। मरकाटोला घाट के पास डीजे से बंधी पिकअप और तेज रफ्तार ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक सड़क पर ही पलट गया, जबकि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में 5 युवकों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल हैं।
जानकारी के मुताबिक, मरकाटोला घाटी के पास डीजे से बंधी पिकअप खड़ी थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। पिकअप में करीब 10 युवक सवार थे। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा इतना भीषण था कि 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल 3 युवकों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल 5 अन्य युवकों का अस्पताल में इलाज जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में उपचार किया जा रहा है।
टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क पर क्षतिग्रस्त हालत में पड़े रहे, जिससे नेशनल हाईवे पर आवागमन बाधित हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुरुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
एडिशनल एसपी चन्द्रकान्त गवर्ना ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में 5 युवकों की मौत हुई है, जबकि 5 घायल हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ ही मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
नेशनल हाईवे-30 का मरकाटोला घाटी क्षेत्र लगातार सड़क हादसों को लेकर चर्चा में रहा है। इससे पहले अगस्त में इसी मार्ग पर मुंबई की 24 वर्षीय बाइक राइडर रिद्धि ठक्कर की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। उनका बाइक ग्रुप बस्तर की ओर जा रहा था।