

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Husband turns monster over suspicions about wife's character: Shaves her head, smears soot on her face, and forces her to drink urine.
अंबिकापुर। कोरिया जिले में मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है। एक पति ने अपनी पत्नी के साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए न केवल उसका मुंडन कर दिया, बल्कि उसके चेहरे पर कालिख पोतकर उसे अपना और बच्चों का पेशाब तक जबरन पिला दिया। घटना का वीडियो भी बनाया गया, जिसमें आरोपी पति यह कहते हुए दिखाई दे रहा है कि "इतिहास बन के जाएगा।" पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, पूरा मामला पटना थाना क्षेत्र के कटकोना पंडोपारा का है। सूरजपुर जिले के करंजी गांव की रहने वाली तारा बाई ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति जितेंद्र घसिया और बच्चों से अलग होकर पिछले एक वर्ष से रह रही थी। वर्तमान में वह पंडोपारा घसिया मोहल्ला में एक अन्य व्यक्ति के साथ रह रही थी।
पीड़िता के अनुसार, इसी बात से नाराज होकर उसका पति जितेंद्र घसिया वहां पहुंचा और विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने महिला के बाल काट दिए, चेहरे पर कालिख पोत दी और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसे अपमानित करते हुए जबरन पेशाब पिलाया गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपने बच्चों को भी मां के खिलाफ उकसाया। पिता के कहने पर बच्चों ने अपनी मां को थप्पड़ मारे। इसके बाद आरोपी ने पहले बच्चे से और फिर स्वयं महिला को पेशाब पिलाया। इस पूरी घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया।
आरोपी पति जितेंद्र घसिया ने अपनी पत्नी पर ही गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका दावा है कि उसकी पत्नी पहले भी अपने जीजा और भांजे के साथ घर छोड़कर जा चुकी थी। इसी कारण दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपी का कहना है कि चरित्र संबंधी संदेह के चलते उनका वैवाहिक संबंध बिगड़ता गया।
घटना के बाद पीड़िता ने वीडियो साक्ष्य के साथ पटना थाने में शिकायत दर्ज कराई और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
पटना थाना प्रभारी प्रमोद पाण्डेय ने बताया कि घटना दो दिन पुरानी है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2) और 85 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वीडियो और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल के बाद आवश्यक होने पर अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं। फिलहाल आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।