

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Latest News: ISI-backed espionage network busted, 11 arrested from Delhi and Punjab; module spread across the country
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक बड़े जासूसी और आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। ताजा कार्रवाई में दिल्ली और पंजाब से 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले गाजियाबाद से हुई गिरफ्तारियों को मिलाकर अब तक कुल 35 लोगों को पकड़ा जा चुका है।
देशभर में फैला था नेटवर्क, संवेदनशील जगहों की हो रही थी निगरानी
जांच में खुलासा हुआ है कि गिरोह के सदस्य सैन्य ठिकानों, रेलवे स्टेशनों और अन्य संवेदनशील स्थानों की फोटो, वीडियो और लोकेशन पाकिस्तान भेज रहे थे। इसके लिए उन्होंने कई जगहों पर सोलर-पावर्ड सीसीटीवी कैमरे लगाए थे, जिनकी लाइव फीड पाकिस्तानी हैंडलर्स तक पहुंचाई जा रही थी।
9 जगहों पर लगे सोलर CCTV कैमरे बरामद
स्पेशल सेल ने इंटर-स्टेट ऑपरेशन में 9 सोलर बेस्ड सीसीटीवी कैमरे बरामद किए हैं, जो कपूरथला, जालंधर, पठानकोट, पटियाला, मोगा, अंबाला, कठुआ, बीकानेर और अलवर जैसे क्षेत्रों में लगाए गए थे। ये कैमरे मोबाइल ऐप के जरिए सीधे पाकिस्तान तक डेटा भेज रहे थे।
हथियार और कारतूस भी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से 3 विदेशी पिस्टल (PX5), 1 देसी पिस्टल और 24 कारतूस बरामद किए हैं। साथ ही, हथियारों की ढुलाई में इस्तेमाल दो कारें, दो मोटरसाइकिल और 24 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
आतंकी साजिश नाकाम, ग्रेनेड हमले की थी तैयारी
पुलिस के मुताबिक, यह मॉड्यूल जासूसी के साथ-साथ आतंकी गतिविधियों में भी शामिल था। हथियारों की तस्करी से जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल मॉड्यूल की फंडिंग में किया जा रहा था। समय रहते कार्रवाई से सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर संभावित ग्रेनेड हमले की साजिश को विफल कर दिया गया।
एन्क्रिप्टेड ऐप्स के जरिए पाक हैंडलर्स से संपर्क
आरोपी एन्क्रिप्टेड मोबाइल ऐप्स के जरिए पाकिस्तान स्थित ऑपरेटिव्स के संपर्क में थे। उन्हें देश की सुरक्षा से जुड़ी जानकारी जुटाने और तोड़फोड़ की गतिविधियों को अंजाम देने के निर्देश दिए जाते थे।
दो बड़े ऑपरेशन में गिरफ्तारी
स्पेशल सेल ने मिलिट्री इंटेलिजेंस के इनपुट पर दो अलग-अलग ऑपरेशन चलाए—
ऑपरेशन NDR:दिल्ली और पंजाब से 6 आरोपी गिरफ्तार
ऑपरेशन SWR: पंजाब से 5 आरोपी गिरफ्तार
इनमें कई आरोपी उच्च शिक्षित हैं, जबकि कुछ मजदूरी और ड्राइविंग जैसे काम करते थे, जिन्हें पैसों के लालच में नेटवर्क से जोड़ा गया।
पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां
इससे पहले गाजियाबाद में 14 मार्च को 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के आधार पर 15 और लोगों की गिरफ्तारी हुई थी, जिनमें नाबालिग भी शामिल थे।