

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

If your name has been removed from the electoral roll, do not panic; you can get it added back by filling out Form 6.
नई दिल्ली। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची से नाम हट जाने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन लोगों का नाम पहले मतदाता सूची में दर्ज था और पुनरीक्षण के दौरान कट गया है, वे दोबारा नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6 भर सकते हैं। केवल इस आधार पर उनके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी कि वे पहले भी मतदाता के रूप में पंजीकृत थे।समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, चुनाव आयोग ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर यह जानकारी दी है। आयोग ने यह भी बताया कि पुनरीक्षण के दौरान छूटे मतदाताओं को एन्यूमरेशन फार्म जमा करने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
दरअसल, फार्म-6 का इस्तेमाल सामान्य तौर पर पहली बार मतदाता बनने वाले लोगों का नाम सूची में दर्ज कराने के लिए किया जाता है। इस फार्म में आवेदक को घोषणा करनी होती है कि उसका नाम पहले किसी अन्य मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। गलत जानकारी देने पर जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 31 के तहत कार्रवाई का प्रावधान है।इसी कानूनी प्रावधान के कारण SIR के दौरान नाम कटने वाले कई लोग दोबारा फार्म-6 भरने से हिचक रहे थे। उन्हें आशंका थी कि पहले से मतदाता होने की जानकारी सामने आने पर उनके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।आयोग ने हलफनामे में इस आशंका को दूर करते हुए कहा है कि केवल फार्म-6 जमा करने के आधार पर किसी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी। हालांकि, आवेदक का नाम किसी दूसरे संसदीय या विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में पहले से दर्ज नहीं होना चाहिए और आवेदन में दी गई घोषणा नियमों के अनुरूप होनी चाहिए।
चुनाव आयोग ने उन मतदाताओं के लिए भी रास्ता बताया है, जिनका पता पहले जैसा ही है, लेकिन वे निर्धारित समय में एन्यूमरेशन फार्म जमा नहीं कर पाए थे। ऐसे लोग हस्ताक्षरित एन्यूमरेशन फार्म यानी अनुबंध-ए जमा कर सकते हैं।इसके साथ ही उन्हें अनुबंध-बी में यह बताना होगा कि वे तय समय सीमा के भीतर फार्म क्यों नहीं दे सके। आयोग ने इसके लिए ऑनलाइन सुविधा भी रखी है। मतदाता ईसीआइनेट पोर्टल पर ई-साइन के माध्यम से अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके अलावा ऑफलाइन आवेदन का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।
सुप्रीम कोर्ट के सुझावों के अनुरूप चुनाव आयोग ने SIR प्रक्रिया के दौरान सूची से छूट गए लोगों तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त कदम उठाने की बात कही है। इसमें अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और एक से अधिक स्थानों पर दर्ज मतदाताओं की पहचान से जुड़े प्रयास शामिल हैं।आयोग का कहना है कि पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल होने का अवसर मिलना चाहिए। ऐसे में जिन लोगों का नाम पुनरीक्षण के दौरान हट गया है, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत दोबारा पंजीकरण कराने का विकल्प दिया गया है।