

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Kangana Ranaut faces repercussions for her remarks on Sonia Gandhi; FIR registered against the BJP MP.
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत एक बार फिर विवादों में घिर गई हैं। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और गांधी परिवार को लेकर सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों के मामले में कंगना के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में रिटायर्ड कैप्टन अतुल शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। कंगना के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की तीन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता अतुल शर्मा का आरोप है कि कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर सोनिया गांधी और गांधी परिवार को लेकर भ्रामक एवं भड़काऊ पोस्ट साझा की थी। उनका कहना है कि इस तरह की टिप्पणियों से समाज में तनाव पैदा हो सकता है और सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने BNS की धारा 196(1)(b), 353(2) और 356(2) के तहत FIR दर्ज की है। फिलहाल शिमला पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।
विवाद की शुरुआत कंगना रनौत की सोशल मीडिया पोस्ट से हुई। उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट रीशेयर की थी, जिसमें राजीव गांधी की हत्या वाले दिन सोनिया गांधी के उनके साथ नहीं जाने का जिक्र किया गया था। इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कंगना ने सोनिया गांधी की बायोग्राफी को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने लिखा था कि सोनिया गांधी की बायोग्राफी पढ़ना अपने ही पैरों पर कुल्हाड़ी मारने जैसा है। कंगना ने पोस्ट में दावा किया कि किताब में राजीव गांधी की हत्या वाले दिन सोनिया गांधी के उनके साथ नहीं जाने की वजह थकान और सुस्ती जैसी समस्याएं बताई गई हैं। इसके साथ ही उन्होंने राहुल गांधी को लेकर भी तंज कसा था।
कंगना रनौत ने अपनी अगली सोशल मीडिया पोस्ट में सोनिया गांधी की संपत्ति को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने लिखा था कि बिना जिंदगी में एक पैसा कमाए सोनिया गांधी वर्ष 1991 में दुनिया की सबसे अमीर महिलाओं में कैसे शामिल हो गईं? कंगना ने स्विस बैंक खातों में 2 अरब डॉलर से अधिक की रकम होने से जुड़े दावे का भी जिक्र किया था। उन्होंने सवाल किया था कि सोनिया गांधी की बायोग्राफी में इन आरोपों और सवालों का जवाब क्यों नहीं दिया गया।
कंगना रनौत की इन टिप्पणियों को लेकर अब कानूनी विवाद खड़ा हो गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट से सामाजिक शांति और सौहार्द प्रभावित हो सकता है। वहीं, शिमला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इस मामले में पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।