

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Impact of Cyclone Murazu in Chhattisgarh: Rain in Raipur and Bastar, alert issued for 11 districts; warning of heavy rainfall and strong winds.
रायपुर। चक्रवाती तूफान मुरासु के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहे और शाम को तेज बारिश हुई। वहीं बस्तर संभाग में भी दिनभर रुक-रुककर रिमझिम बारिश होती रही। बारिश के कारण त्योहारी सीजन में खरीदारी प्रभावित हुई और कई रास्तों पर पानी भर गया। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।
राजधानी रायपुर में मंगलवार शाम मुरासु के असर से जमकर बादल बरसे। तेज बारिश के चलते दिवाली की खरीदारी प्रभावित हुई। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को रायपुर में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बादलों की मौजूदगी के बावजूद तापमान में खास गिरावट की संभावना नहीं है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई। इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान रायपुर में 30.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बना प्रचंड चक्रवाती तूफान मुरासु उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। 3 नवंबर की दोपहर तक इसके कमजोर होकर चक्रवाती तूफान और आधी रात तक गहन अवदाब में बदलने का अनुमान था। तूफान के कमजोर पड़ने के बावजूद इसका प्रभाव छत्तीसगढ़ में देखने को मिल सकता है। खासकर रायपुर और बस्तर संभाग में बारिश की गतिविधियां अधिक सक्रिय रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ में तूफान का प्रभाव अधिक रहने की संभावना जताई गई है। बस्तर और आसपास के इलाकों में बारिश का असर दिख सकता है।
मौसम विभाग ने बुधवार सुबह प्रदेश के 11 जिलों में बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद और राजनांदगांव शामिल हैं।